
New Delhi: दिल्ली की जनता को अब प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति के संसद जाने और वहां से लौटने के दौरान उनके काफिले की वजह से रुकना नहीं पड़ेगा. नये बन रहे संसद भवन में ऐसी सुरंगें बनाई जा रही हैं जो अंडरग्राउंड (भूमिगत) रास्तों से ही प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति के आवास तक जाएंगी. इससे आम लोगों को रास्ते पर वीवीआईपी गतिविधियों की वजह से परेशानी नहीं होगी और संसद के बाहर ट्रैफिक की आवाजाही भी सामान्य रूप से जारी रह सकेगी.
इसे भी पढ़ें: कम उम्र के डायबिटीज रोगियों में साइलेंट हार्ट अटैक का खतरा अधिक
सेंट्रल विस्टा की निर्माण योजना के अनुसार नया पीएम आवास और पीएमओ साउथ ब्लॉक की तरफ आएगा. नए वीपी चैंबर नोर्थ ब्लॉक में होंगे. इसके अलावा ट्रांसपोर्ट और श्रम शक्ति भवन की तरफ सांसदों के चैंबर होंगे. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार ये सुरंगे सिंगल लेन की होंगी क्योंकि इनका इस्तेमाल विशेष रूप से कुछ लोगों के लिये ही किया जायेगा.
सूत्रों ने बताया कि सेंट्रल विस्टा के रिडेवलपमेंट का प्राथमिक उद्देश्य संसद परिसर के ऊपर और आसपास के क्षेत्र में सार्वजनिक पहुंच को और आसान बनाना है. वर्तमान में सेंट्रल विस्टा और लुटियंस बंगला जोन के कई हिस्सों में सुरक्षा कारणों और वीआईपी आवाजाही के लिए कई बार कड़ी व्यवस्था की जाती है. इससे लोगों की आवाजाही पर असर पड़ता है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड विधानसभा में क्यों हो रहा है हरे राम-हरे कृष्ण का भजन




