
Ranchi: हजारीबाग के अमनारी पंचायत में केरोसिन तेल विस्फोट मामला चर्चा में है. पिछले कुछ दिनों में तेल विस्फोट की घटना के कारण 4 लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी है.
कई घायल हैं जिनका इलाज रिम्स, रांची और हजारीबाग सदर अस्पताल में चल रहा है. इसे लेकर विधानसभा में भी सरकार से सवाल पूछे जा रहे हैं. हजारीबाग विधायक मनीष जायसवाल सहित दूसरे जनप्रतिनिधि भी इस विषय पर सरकार को कटघरे में खड़ा कर चुके हैं.
सीएम हेमंत सोरेन ने प्रभावित परिवारों को 4-4 लाख रुपये दिये जाने की घोषणा की है. केरोसिन में मिलावट किये जाने की जांच भी शुरू कर दी गयी है.
इधर जिला प्रशासन अमनारी के कार्यकारी समिति के प्रमुख और पूर्व मुखिया अनूप कुमार सहित अन्य लोगों के साथ ग्रामीणों से केरोसिन तेल डीलर के पास लौटाये जाने की लगातार अपील कर रहा है.
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग डीसी का जनता दरबार, 17 मामलों की हुई सुनवाई
डीलरों संग मिलकर चलाया जा रहा अभियान
मंगलवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी अरविंद कुमार, एमओ कृष्ण कुमार झा, भूपनाथ महतो सहित जिला प्रशासन के कई अन्य पदाधिकारी अमनारी पहुंचे. 1 मार्च को भी हुए केरोसिन विस्फोट और उसमें गंभीर रूप से घायल हुई सेखा (अमनारी, सदर, हजारीबाग) की उर्मिला देवी (पति-स्व महेश महतो) के मामले में ग्रामीणों से जानकारी ली.
उर्मिला का इलाज रिम्स, रांची में चल रहा है. इसके बाद सभी डीलरों से कहा गया कि वे प्रत्येक कार्डधारियों से संपर्क कर तेल वापसी का अभियान शुरू करें. इसका लिखित रिकॉर्ड भी लिया जाये.
ग्रामीणों से जिला प्रशासन की टीम ने आग्रह करते हुए कहा कि अगर उनके पास केरोसिन तेल बचा हुआ है तो इसे डीलर या प्रधान (कार्यकारी समिति) के पास जमा कर दें. इसके लिये पंचायत के प्रबुद्ध लोगों से भी मदद मांगी गयी है.
इसे भी पढ़ें :असम में प्रियंकाः चाय बागान में तोड़ीं चाय की पत्तियां
जनवरी में हुआ था तेल का उठाव
अब तक मिली जानकारी के अनुसार अमनारी के डीलरों ने जनवरी महीने में केरोसिन तेल का उठाव किया था. माल उठाव आर्मी ट्रेडिंग से किया गया था. डीलरों के जरिये 500 से अधिक घरों में केरोसिन तेल गया है. फरवरी के तीसरे और चौथे सप्ताह से केरोसिन तेल यूज करते समय ब्लास्ट किये जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं.
अब तक की जांच में यह भी पता लगा है कि केरोसिन तेल में मिलावट की गयी है. कहां और किस स्तर पर यह हुआ है, सरकार इसका पता लगा रही है.
इसे भी पढ़ें : पुंदाग में बनाये गये नये धरना स्थल का भाजपा ने किया विरोध, कहा- सदन से सड़क तक जनता के सवालों से भाग रही हेमंत सरकार




