
♦तेज हुआ सियासी घमासान, अब बीजेपी नेताओं पर जेएमएम और कांग्रेस हमलावर
♦भाजपा सांसद ने की मांग- पूरे मामले की जांच हो
Ranchi : झारखंड के राजनीतिक हलके में पिछले कुछ दिनों से जिस आयशा खान को लेकर राजनीति गरमायी हुई है, वह पहली बार सामने आयी है. उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया है. इस वीडियो में उसने जो कुछ कहा है, उसे लेकर अब झामुमो और कांग्रेस के नेता बीजेपी पर हमलावर हो गये हैं. दूसरी तरफ बीजेपी ने भी पूरे मामले की जांच की मांग उठायी है. आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला एक बार फिर तेज हो गया है.
आयशा का वीडियो सोशल मीडिया पर झामुमो की महिला इकाई, कांग्रेस की विधायक दीपिका पांडेय और भाजपा सांसद निशिकांत सहित कई नेताओं-कार्यकर्ताओं ने पोस्ट किया है. हैरत की बात यह कि आयशा खान के साथ कथित तौर पर हुई घटना को लेकर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी व अन्य मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को घेरने की कोशिश कर रहे थे, जबकि आयशा खान ने वीडियो में भाजपा नेताओं पर ही ब्लैकमेल करने और डराने का आरोप लगाया है. आयशा वीडियो में कह रही है कि उसके बारे में गलत ट्वीट किया जा रहा है. अगर उसे कुछ हुआ, तो इसके लिए जहूर आलम, बाबूलाल मरांडी, निशिकांत दुबे और सुनील तिवारी जिम्मेदार होंगे.
इसे भी पढ़ें – विश्व भारती में बोले पीएम मोदी- गुरुदेव का विजन आत्मनिर्भर भारत बनने का सार
भाजपा के लोग मुझे बदनाम कर रहे : आयशा खान
जारी वीडियो में आयशा कह रही है कि बीजेपी के लोग उसे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. वीडियो में कहे गये उसके शब्द इस प्रकार हैं- मैं आयशा खान. मुझे ब्लैकमेल, डराया और धमकाया जा रहा है. मैंने पुलिस को इस मामले में शिकायत मेल के माध्यम से कर दी है. मेरे बारे में बहुत गलत-गलत ट्वीट किया जा रहा है. मुझे बहुत डर लग रहा है. मैं पुलिस से बस इतना चाहती हूं कि अगर मुझे कुछ हो जाये तो उसके जिम्मेदार जहूर आलम, सुनिल तिवारी, बाबूलाल मरांडी और निशिकांत दुबे होंगे.
इसे भी पढ़ें – चतरा में लूट की खुली छूटः पुल 96 लाख का और डायवर्सन 1.55 करोड़ का
हम तो चाहते हैं कि हम पर केस हो : निशिकांत
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने न्यूज़ विंग से बात करते हुए कहा कि हम तो चाहते हैं कि पूरे मामले की जांच हो. कहा कि इसमें लड़की को मैनेज किया गया है, पहले भी किया गया था और फिर मैनेज किया. उन्होंने कहा कि न तो वह लड़की को जानते हैं और न ही उसका चेहरा देखा है. हम तो कह रहे हैं कि हम पर एफआइआर करो. ब्लैकमेल कर रहे हैं तो एफआइआर करो. आखिर उसे किस चीज के लिए ब्लैकमेल किया गया. कहा कि मामले की पूरी तरह से छानबीन हो. मांग 2013 के दुष्कर्म की घटना की जांच की है. जांच होगी तो 2013 से जांच होगी.
सीएम की छवि धूमिल करने का प्रयास : सुदिव्य सोनू
इस मामले पर गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि जो वीडियो ट्विटर पर आया है उसे उन्होंने भी देखा है लेकिन यह नहीं कहा जा सकता है कि सही में यही आयशा खान हैं. जिस आयशा खान को लेकर भाजपा के नेताओं के द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर आरोप लगाये जा रहे थे, वीडियो वाली लड़की वही है तो यह गंभीर मामला है. भाजपा के लोगों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की छवि को धूमिल करने का कुत्सित प्रयास किया है. साथ भी भाजपा ने एक लड़की के मान और सम्मान के साथ भी खिलवाड़ करने का काम किया है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2019 तक महाराष्ट्र और देश में भाजपा का शासन था. उस समय क्यों नहीं बाबूलाल मरांडी, निशिकांत दुबे ने इस मामले की जांच करायी. कहा कि मुख्यमंत्री का सफलतापूर्वक सरकार चलाना भाजपा को नहीं पच रहा है इसलिए अनर्गल आरोप लगा कर वे मुख्यमंत्री को बदनाम करना चाह रहे थे.
इसे भी पढ़ें – चतरा: टीएसपीसी का एरिया कमांडर आदेश गंझू गिरफ्तार



