
Ranchi : हॉकी झारखंड ने अपनी वेबसाइट तैयार कर ली है. बुधवार को वेबसाइट https://www.hockeyjharkhand.com का उद्घाटन खेल निदेशक जिशान कमर और परिवहन सचिव के रविकुमार ने किया. कार्यक्रम का आयोजन एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी के परिसर में स्थित हॉकी झारखंड के कार्यालय में किया गया था. निदेशक ने उम्मीद जतायी कि वेबसाइट के जरिये झारखंड में हॉकी औऱ इस खेल से जुड़े खिलाड़ी, ट्रेनरों और दूसरे लोगों को लाभ मिलेगा.
इसे भी पढ़ें – अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति घोटाले में बेनकाब होंगे कई बड़े चेहरे
वेबसाइट में है हॉकी खिलाड़ियों का डेटा बेस
हॉकी झारखंड के प्रमुख भोलानाथ सिंह के अनुसार वेबसाइट में कई नयी विशेषताएं हैं. अब इसमें झारखंड राज्य के हॉकी खिलाड़ियों के डेटा बेस को शामिल किया गया है. फिलहाल हॉकी इंडिया से रजिस्टर्ड 82 प्लेयर्स का डाटा इस पर डाला गया है. लगभग 1300 झारखंडी हॉकी प्लेयर्स का भी इस पर पूरा विवरण डाला जायेगा. हॉकी झारखंड से जुड़ी कोई भी जानकारी अब दुनिया भर में कहीं से भी कोई भी एक क्लिक में हासिल कर सकता है. हॉकी झारखंड के संविधान, सदस्यों से संबंधित जानकारियों के अलावे पिछले 5 साल की ऑडिट रिपोर्ट को भी इस पर डाल दिया गया है. झारखंड सरकार के खेल विभाग की वेबसाइट के साथ भी इसे कनेक्ट किया गया है. अब घर बैठे कोई भी हॉकी झारखंड के साथ जुड़ा रह सकता है.
इसे भी पढ़ें – Palamu : हुसैनाबाद के टोंगरा गढ़ से विचित्र धातु का टुकड़ा मिला
कार्यक्रम में ये थे उपस्थित
वेबसाइट के लॉन्चिंग के मौके पर एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष और झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव मधुकांत पाठक और कई अन्य लोग उपस्थित थे. इनमें प्रमुख रूप से हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशिकांत प्रसाद, उपाध्यक्ष अरविन्द कुमार तूफानी, कोषाध्यक्ष अश्रिता लकड़ा, हॉकी झारखंड के माईकल लाल रजनीश कुमार, झारखंड कुश्ती संघ के बबलू कुमार सहित अन्य लोग भी शामिल थे.
इसे भी पढ़ें – पूर्व मंत्री हरिनारायण राय की अपील हाई कोर्ट ने की खारिज की, भुगतनी होगी पूरी सजा



