
Ranchi : मानवाधिकार कार्यकर्ता फादर स्टेन स्वामी की रिहाई की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मेन रोड में बैनर लेकर प्रदर्शन किया. यह आयोजन आदिवासी अधिकार मंच के तत्वावधान में किया गया था. इस अवसर पर मंच के महासचिव प्रफुल्ल लिंडा ने कहा कि 83 साल के फादर स्टेन स्वामी जो झारखंड में मानवाधिकार के सवालों के साथ खड़े हैं, उन्हें फर्जी तरीके से भीमा कोरगांव हिंसा मामले में एनआइए गिरफ्तार कर ले गयी. केंद्र सरकार के निर्देश पर अब उन मानवाधिकार और सामाजिक कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी हो रही है जो वंचितों और शोषितों के सवालों पर खड़े होते थे.
इसे भी पढ़ें – महान क्रिकेटर कपिल देव को पड़ा दिल का दौरा, एंजियोप्लास्टी की गयी
झूठे मुकदमे दर्ज कर गिरफ्तार कर रही केंद्र सरकार
मंच के कोषाध्यक्ष सुखनाथ लोहरा ने कहा कि केंद्र सरकार झूठे मुकदमे कर उन लोगों को गिरफ्तार कर रही है जो समाज के लिए काम करते रहे हैं. एनआइए जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है. अलोका कुजूर ने कहा कि केंद्र सरकार यूएपीए कानून का दुरुपयोग कर रही है. एक भय का माहौल बनाया जा रहा है. इससे पता चलता है कि केंद्र सरकार फादर स्टेन स्वामी जैसे लोगों से कितना डरती है. रिशित नेगी सहित अन्य ने भी अपने विचार रखे. कार्यक्रम में वीणा लिंडा, अनिमा तिर्की, फादर टोनी सहित अन्य उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें – JREDA के तीन पूर्व अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोपों की ACB करेगा जांच, मुख्यमंत्री ने दी इजाजत



