
Mumbai: फिल्मकार अनुराग कश्यप ने अभिनेत्री पायल घोष के रेप के आरोपों को झूठा बताते हुए पुरजोर तरीके से खारिज किया. साथ ही शुक्रवार को उन्होंने दावा किया है कि प्राथमिकी में घटना का जो समय बताया गया है, उस दौरान वो देश में ही नहीं थे.
मामले में कश्यप से पुलिस की पूछताछ के एक दिन बाद फिल्मकार की वकील ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि कश्यप ने पुलिस को 2013 अगस्त के दौरान फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में श्रीलंका में होने के सबूत दिए हैं.
इसे भी पढ़ेंः 13साल 306 करोड़ बजट+ सात मंजिला भवन+ 500 बेड+ राज्य का सबसे बड़ा सदर अस्पताल =सुविधा नदारद
घटना के समय श्रीलंका में होने का दावा
उल्लेखनीय है कि पायल घोष ने 22 सितंबर को वर्सोवा थाने में फिल्म मेकर कश्यप के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. उन्होंने आरोप लगाया है कि कश्यप ने अगस्त 2013 में उनके साथ रेप किया था. फिल्मकार की वकील प्रियंका खिमानी ने एक बयान में कहा, ‘ अनुराग कश्यप ने मामले में सभी आरोपों को खारिज किया है और पुलिस को बयान दर्ज करा दिया है. अपने बयान के समर्थन में पेश कश्यप के सबूत दर्शाते हैं कि घोष की शिकायत एकदम झूठी है.’
खिमानी ने एक बयान में कहा, ‘ कश्यप ने इस बात के सबूत मुहैया कराए हैं कि वह अगस्त 2013 में फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में श्रीलंका में थे. कश्यप ने स्पष्ट रूप से इस कथित घटना के होने और उनके खिलाफ लगाए सभी आरापों को खारिज किया है.’
इसे भी पढ़ेंः Corona Update: भारत में एक्टिव मरीजों की संख्या लगातार 11वें दिन 10 लाख से कम
8 घंटे हुई थी पूछताछ
बता दें कि एक्ट्रेस पायल घोष की शिकायत पर गुरुवार को अनुराग कश्यप से मुंबई पुलिस ने आठ घंटे पूछताछ की थी. पूछताछ के बाद कश्यप ने कहा था कि वह दृढ़ता से कानूनी रास्ते अपनाएंगे. अनुराग कश्यप की वकील ने कहा कि फिल्मकार का मानना है कि घोष के लगातार बदलते बयानों से ही उनके झूठ का पर्दाफाश हो जाता है.
बयान में कहा गया है, ‘कश्यप ऐसी किसी भी घटना के होने को पूरी तरह खारिज करते हैं और आपराधिक न्याय प्रणाली का दुरुपयोग करने और गुप्त उद्देश्यों के लिए ‘मी टू’ अभियान का इस्तेमाल करने के लिए घोष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं. कश्यप को भरोसा है कि सत्य की जीत होगी.’
बता दें कि अभिनेत्री पायल घोष ने पिछले महीने ट्वीट कर कश्यप के खिलाफ यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था. इसके बाद उन्होंने कश्यप के खिलाफ 22 सितंबर को वर्सोवा थाने में आइपीसी की धारा 376(I), 354, 341 और 342 के तहत मामला दर्ज किया गया था.
घोष ने मंगलवार को केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले के साथ महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की थी और निर्देशक के खिलाफ कार्रवाई की अपील की थी.
इसे भी पढ़ेंः हाथरस के बाद अब मथुरा में हरियाणा की महिला के साथ गैंग रेप, पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा




