
Ranchi : प्रदेश भाजपा के अनुसार कोरोना आपदा में केंद्र सरकार की ओर से राज्य सरकार को भरपूर मदद की जा रही है. राज्य सरकार ऐसे समय में केंद्र पर दोषारोपण के बजाए लोगों को समुचित राहत पहुंचाने का काम करे. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के अनुसार केंद्र के द्वारा कई तरीके से राज्य सरकार को मदद पहुंचायी जा रही है.
केंद्रीय कर के रूप में अप्रैल तक के इंस्टॉलमेंट के रूप में राज्य सरकार को 1525.27 करोड़ की राशि उपलब्ध करायी गयी है. केंद्र ने राज्य आपदा कोष में अपने हिस्से के 24.8 करोड़ की राशि भी दे दी है. सरकार समुचित तौर पर वित्तीय प्रबंधन करे तो लोगों को पर्याप्त मदद मिल सकेगी.
इसे भी पढ़ें – #CoronaUpdates: देश में 1336 नये केस, 61 जिले संक्रमण मुक्त- स्वास्थ्य मंत्रालय
किसानों को पीएम किसान योजना से मिल रहा लाभ
दीपक प्रकाश के मुताबिक केंद्र के द्वारा राज्य के किसानों को पीएम किसान योजना के अंतर्गत 232.67 करोड़ की राशि उपलब्ध करायी गयी है. यह राशि 11.62 लाख से ज्यादा किसानों को 2000 प्रति यूनिट के हिसाब से सरकार को दी जा चुकी है.
प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत 71 लाख से ज्यादा लोगों को कुल 356.16 करोड़ की राशि उपलब्ध करायी जा चुकी है. राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 13 लाख लाभार्थियों को 64.44 करोड़ की राशि भी राज्य को दे दी गयी है.
इसे भी पढ़ें – पश्चिम बंगाल: सीएम ममता ने कोरोना केंद्रीय जांच टीम को कोलकाता में रोका, पूछा- जांच का क्या है आधार
उज्ज्वला योजना से 30 लाख लाभुकों के लिए जारी हुई है सहायता राशि
दीपक प्रकाश के अनुसार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत लगभग 30 लाख लाभार्थियों को 172.24 करोड़ की सहायता दी जा चुकी है. 1 अप्रैल से 16 अप्रैल के बीच 5 लाख से भी ज्यादा लाभ्यर्थियों को सिलेंडर बांटे गये हैं. ईपीएफओ से भी 4.8 करोड़ की राशि की निकासी हो चुकी है. प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के 2.63 करोड़ लाभार्थियों के लिए 1.31 लाख मेट्रिक टन अनाज का उठाव हो चुका है. केंद्र ने अपने स्तर से राज्य में 9 लाख से भी ज्यादा लोगों को फूड पैकेट भी उपलब्ध कराया है.
इसे भी पढ़ें – #Impact : न्यूजविंग की खबर पर देवघर प्रशासन ने लिया संज्ञान, सांसद निशिकांत पर हो सकती है कार्रवाई



