
Bokaro: झारखंड में कोरोना वायरस संक्रमण का तीसरा मामला सामने आया है. राज्य के बोकारो जिले में एक महिला के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है. खबर है कि संक्रमित महिला कुछ दिनों पहले बांग्लादेश से लौटी थी.
इसे भी पढ़ेंःदेश में #CoronoVirus से 75 लोगों की गयी जान, एक दिन में सर्वाधिक मामले आये सामने
झाऱखंड में तीसरा पॉजिटिव केस
बताया जा रहा है कि बोकारो के तेलो के तीन दंपती बांग्लादेश गये थे. जहां से सभी कुछ दिनों पहले वापस आये थे. इनकी ट्रैवेल हिस्ट्री को देखते हुए बोकारो प्रशासन की ओर से सभी छह लोगों को बोकारो के गुरु गोविंद इंजीनियरिंग स्कूल में क्वारेंटाइन किया गया है. साथ ही उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गये थे. इनमें से एक महिला में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है. इसकी पुष्टि स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गयी है.
महिला में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें क्वारेंटाइन सेंटर से बोकारो जेनरल हॉस्पीटल में शिफ्ट किया गया है.
गौरतलब है कि इससे पहले दो मामले सामने आ चुके हैं. पहला केस रांची के हिंदपीढ़ी इलाके से सामने आया है. जहां एक मलेशियाई महिला में संक्रमण की पुष्टि हुई थी.
वहीं हजारीबाग के विष्णुगढ़ से दूसरा मामला सामने आया. पीड़ित विष्णुगढ़ प्रखंड के एक गांव का रहने वाला है. वह हाल ही में कोलकाता से शादी समारोह में शामिल होकर लौटा है. उसके गांव को सील कर दिया गया है.
राज्य में अब तक 775 टेस्ट
राज्य में अब तक कोरोना के 775 संदिग्धों की जांच हुई है जिसमें तीन मरीज पॉजिटिव पाये गये हैं. शनिवार को कोरोना के 84 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिये गये थे.




