
Washington: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन दवा के आर्डर की आपूर्ति करने का आग्रह किया है.
अमेरिका ने भारत को इस दवा आर्डर दिया था. भारत ने पिछले महीने इस दवा के निर्यात पर रोक लगा दी थी. गौरतलब है कि कोरोना वायरस ने अमेरिका में भयानक रूप ले लिया है. इस वायरस ने मेरिका में सबसे ज्यादा लोगों को अपनी चपेट में लिया है.
अमेरिका में अब तक तीन लाख से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं. वहीं इससे हुई मौतों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ता ही जा रहा है. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी से बातचीत कर दवा मुहैया कराने की बात कही.
इसे भी पढ़ें- #Jharkhand में कोरोना वायरस का तीसरा मामला, बांग्लादेश से लौटी महिला में संक्रमण की पुष्टि
क्या कहा ट्रंप ने
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने शनिवार सुबह मोदी से बात कर अमेरिका के लिए हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन के आर्डर की आपूर्ति करने का आग्रह किया.
अमेरिका के राष्ट्रपति ने शनिवार को व्हाइट हाउस में अपने नियमित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मैंने प्रधानमंत्री मोदी से बात कही. वे बड़ी मात्रा में हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन बनाते हैं. भारत इसपर गंभीरता से विचार कर रहा है. मालूम हो कि हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन का इस्तेमाल कोरोना मरीजों के इलाज में किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- 12 घंटे में बढ़े #Covid-19 के 302 नये केस, संक्रमितों का आंकड़ा 3374, तबलीगी जमात से जुड़े मामले देश में 30%
25 मार्च को दवा के निर्यात पर लगी थी रोक
विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने 25 मार्च को इस दवा के निर्यात पर रोक लगा दी थी. हालांकि, डीजीएफटी ने कहा था कि मानवता के आधार पर मामले-दर-मामले में इसके कुछ निर्यात की अनुमति दी जा सकती है.
अमेरिका में कोरोना वायरस संक्रमण के तीन लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं. अभी तक इस वायरस से अमेरिका में 8,000 लोगों की मौत हुई है. दुनिया में अमेरिका कोविड-19 से सबसे बुरी तरह प्रभावित देशों में है.
इसे भी पढ़ें- #America में कोरोना वायरस से संक्रमितों का आंकड़ा 3 लाख के पार, ट्रंप बोले- अगले दो हफ्ते मुश्किल भरे




