
Dhanbad : पंचेत थाना के बीसीसीएल के डीओसीपी प्रोजेक्ट में सोमवार की सुबह 46 वर्षीय काला मुंडा नामक व्यक्ति का शव फंदे से लटकता हुआ बरामद किया गया. बताया जाता है कि काला मुंडा बीसीसीएल के डीओसीपी प्रोजेक्ट में गार्ड का काम करता था.
देखें वीडियो
स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी ने गार्ड की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया है. स्थानीय लोगों ने बताया कि बीसीसीएल के डीओसीपी में काफी मात्रा में लोहा रखा हुआ है. इतनी बड़ी मात्रा में लोहे की सुरक्षा के लिए महज एक गार्ड को तैनात किया गया था.
रात में पुलिस इधर पेट्रोलिंग भी नहीं करती है. उन्होंने कहा कि संभव है कि लोहा चोरों ने गार्ड काला मुंडा की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया है. फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है.
पुलिस समय पर नहीं करती है पेट्रोलिंग
घटना के संबंध में झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के नेता मोतलाल हांसदा का कहना है कि बीसीसीएल की लापरवाही के कारण काला मुंडा की जान गयी है. उन्होंने कहा कि बीसीसीएल के इतने बड़े क्षेत्र में एक गार्ड को ही ड्यूटी पर लगाया जाता था जबकि बीसीसीएल अपने क्षेत्र में बड़े पैमाने पर लोहा रखा हुआ है.
उन्होंने बताया कि यह लोहा चोरों के लिए चारा का काम करता है. अगर पुलिस इधर समय पर पेट्रोलिंग करती तो काला मुंडा की जान बच सकती थी. उन्होंने कहा कि पुलिस इधर कभी पेट्रोलिंग करती ही नहीं है. जिस कारण लोहा चोरों ने लोहा लूटने के उद्देश्य से काला मुंडा की हत्या कर दी है. इस हत्या की जिम्मेदारी बीसीसीएल प्रबंधन की है.
इसे भी पढ़ें – लॉ यूनिवर्सिटी की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में सभी 11 आरोपियों को उम्रकैद की सजा
नौकरी व मुआवजा की मांग को लेकर धरना पर बैठे लोग
मजदूर नेता मोतलाल हांसदा अपने समर्थकों के साथ मृतक के परिजनों को नौकरी व मुआवजा देने की मांग को लेकर वहीं धरने पर बैठ गये. उन्होंने कहा कि काला मुंडा अपने घर का एकमात्र कमाउ सदस्य था. उसकी कमाई से ही परिवार के सभी सदस्यों का भरण-पोषण होता था.
अब उसकी हत्या हो जाने से उसके परिवार के समक्ष विपत्तियों का पहाड़ टूट पड़ा है. उन्होंने कहा कि इस हत्या की जिम्मेदारी बीसीसीएल प्रबंधन की है. प्रबंधन को मृतक के परिजनों को नौकरी व मुआवजा देना होगा. अन्यथा हमलोग आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
इसे भी पढ़ें – #Economic_Slowdown : फरवरी 2020 में बेरोजगारी दर बढ़कर 7.78 फीसदी पहुंची, जनवरी में थी 7.16



