
Ranchi: विधानसभा चुनाव के नतीजे के बाद झारखंड की राजनीति में आये बदलाव के बीच अपनी भूमिका तय करने और जन मुद्दों पर संघर्ष को आगे बढ़ाने के लिए आजसू पार्टी ने गुरुवार (13 फरवरी) से दो दिवसीय विचार मंथन करना तय किया है.
पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो की अगुवाई में होनेवाली यह बैठक 13 और 14 फरवरी को रांची के हरमू रोड स्थित केंद्रीय कार्यालय में होगी. इसमें चुनावी नतीजों की भी बारीकी से समीक्षा की जायेगी. इसके लिए 2019 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रमुख उम्मीदवारों के साथ कुछ खास केंद्रीय पदाधिकारियों को बुलाया गया है.
पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष उम्मीदवारों से चुनाव के अनुभवों के साथ समीकरणों पर गहन विचार विमर्श करेंगे. साथ ही आगे की राजनीतिक दिशा तय करने के लिए खाका खींचा जायेगा. यह बातें पार्टी की ओऱ से केन्द्रीय प्रवक्ता देवशरण भगत ने कहीं.
इसे भी पढ़ें – 44 दिनों से IAS सुनील बर्णवाल वेटिंग फॉर पोस्ट, 46 दिनों से CMO बगैर सचिव के
पार्टी के सांगठनिक ढांचे पर भी होगी चर्चा
आजसू पार्टी का साफ मानना है कि राज्य की ज्वलंत समस्याओं के समाधान तथा जन मुद्दों पर संघर्ष को आगे बढ़ाने के लिए कार्यकर्ता आम अवाम के बीच मौजूदगी बनाये रखेंगे. साथ ही आवाज उठाते रहेंगे. विचार मंथन के दौरान पार्टी के कार्यक्रमों और सांगठनिक ढांचा पर भी चर्चा की जायेगी. साथ ही निचले से ऊपर स्तर पर जिम्मेदारी तय की जायेगी.
झारखंड में कई नीतिगत सवाल भी हैं. जबकि सत्ता में आयी नयी सरकार में शामिल दलों ने लोगों से कई अहम वादे किये हैं. उन सवालों को लेकर भी चर्चा की जायेगी. जिन मुद्दों को सामने रखते हुए आजसू पार्टी ने चुनाव लड़ा है, उन पर भी विचार विमर्श होगा.
इसे भी पढ़ें – कोर्ट के दखल दिहानी के आदेश के बाद भी आदिवासी जमीन पर दबंगों का कब्जा, दिव्यांग परिवार की हेमंत सोरेन से गुहार



