
Ranchi: हेमंत सोरेन सरकार की दूसरी कैबिनेट की बैठक में कुल पांच एजेंडों पर स्वीकृति दी गयी. कैबिनेट ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए गंभीर बीमारी योजना के तहत 8 लाख आय वर्ग तक के लोगों को लाभ देने का फैसला किया है.
कैंसर, किडनी प्रत्यारोपण, लीवर से संबंधित बीमारियों के लिए 5 लाख तक का अनुदान सरकार देगी. इसके अलावा एसिड अटैक सरवाइवर के लिए कोई भी आय की बाध्यता नहीं होगी. साथ ही पूरा खर्च सरकार ही देगी. एसिड अटैक पीड़ितों के लिए 5 लाख तक की भी बाध्यता नहीं होगी.
अंचल अधिकारी के स्तर से निर्गत प्रमाणपत्र मान्य होंगे. इस योजना के तहत ईलाज के लिए देश भर के 41 बड़े अस्पतालों को चिन्हित किया गया है.
इसे भी पढ़ें – निर्भया मामला: दोषी विनय शर्मा ने दया याचिका खारिज करने के फैसले को न्यायालय में दी चुनौती
28 फरवरी से 28 मार्च तक बजट सत्र
नयी विधानसभा का पहला बजट सत्र 28 फरवरी से 28 मार्च तक चलेगा. 3 मार्च को बजट पेश किया जायेगा. यह सत्र कुल 19 कार्यदिवस का होगा. 7 मार्च से 11 मार्च तक सदन नहीं चलेगा. इसके अलावा पिछले विधानसभा सत्र के राज्यपाल के अभिभाषण की घटनोत्तर स्वीकृति दी गयी.
विधानसभा चुनाव में प्रतिनियुक्त केंद्रीय और राज्य पुलिस बलों के मानदेय भुगतान के लिए झारखंड आकस्मिकता निधि से 12करोड़ 27 लाख 63 हजार रुपये अग्रिम की घटनोत्तर स्वीकृति दी गयी.
दस साल पूरे करने पर सुरेंद्र प्रसाद को मिली नौकरी
सेवा नियमितिकरण नियमावली के तहत स्वर्णरेखा परियोजना में दस सालों से अनियमित रूप से कार्यरत सुरेंद्र प्रसाद को नियमित करने की स्वीकृति दी है. सुरेंद्र प्रसाद को निम्नवर्गीय लिपिक के पर नियमित किया जायेगा. राज्य में 20 जून 2019 से पहले दस साल पूरा करने वालों को नियमित किया जाना है.
इसे भी पढ़ें – परिवहन सेवाएं होंगी दुरुस्त, गांव-शहर के बीच मिलेंगी सेवा
108 एंबुलेंस से सीधा पहुंच सकेंगे रिम्स
मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि 108 एंबुलेंस सेवा के तहत राज्य के किसी भी हिस्से से सीधा रिम्स सहित कोई भी अस्पताल पहुंच सकेंगे. उन्होंने बताया कि इससे पहले जिला के सदर या अनुमंडल अस्पताल तक ही पहुंचाया जाता था.
मरीज के परिजन अगर सीधा रिम्स पहुंचना चाहें तो उन्हें पहुंचाया जायेगा. इसके अलावा उन्होंने कहा कि एंबुलेंस से मरीज को लाने पहुंचान के अलावा निजी उपयोग नहीं कर सकेंगे. ऐसा पाये जाने पर दंडित तो किया जायेगा, साथ ही एफआइआर भी किया जायेगा.
इसे भी पढ़ें – 24-25 फरवरी को भारत दौरे पर रहेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप



