National

24-25 फरवरी को भारत दौरे पर रहेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

Washington / New Delhi: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प इस महीने की 24-25 तारीख को दो दिवसीय भारत यात्रा पर होंगे. इस दौरान वह नयी दिल्ली और अहमदाबाद का दौरा करेंगे.

दोनों देशों की सरकारों ने कहा है कि ट्रम्प के पहले दौरे से भारत-अमेरिका के बीच द्विपक्षीय संबंध और प्रगाढ़ होंगे.

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव स्‍टेफनी ग्रिशम ने बताया कि ट्रम्प की पत्नी मेलानिया ट्रम्प भी उनके साथ भारत जायेंगी.

उधर, नयी दिल्ली में भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर राष्ट्रपति ट्रम्प अपनी पत्नी के साथ भारत दौरे पर आयेंगे. ग्रिशम ने बताया कि ट्रम्प और प्रधानमंत्री मोदी ने इस सप्ताहांत फोन पर बात की थी.

इसे भी पढ़ें – मुजफ्फरपुर आश्रयगृह मामला: अदालत ने ब्रजेश ठाकुर को आजीवन कारावास की सजा सुनायी

भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी सुदृढ़ होगी

उन्होंने कहा कि सप्ताहांत में फोन पर हुई बातचीत में ट्रम्प और प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर सहमति जतायी कि यह यात्रा भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ करेगी तथा अमेरिकी-भारतीय लोगों के बीच मजबूत एवं स्थायी संबंधों को रेखांकित करेगी.

व्हाइट हाउस ने एक बयान में कहा कि इस दो दिवसीय यात्रा के दौरान राष्ट्रपति नयी दिल्ली और अहमदाबाद जायेंगे, जो मोदी का गृहनगर है तथा महात्मा गांधी के जीवन और भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है.

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा भी 2010 और 2015 में भारत यात्रा कर चुके हैं. विदेश मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प का भारत का यह पहला दौरा होगा.

इसे भी पढ़ें – निर्भया मामला: दोषी विनय शर्मा ने दया याचिका खारिज करने के फैसले को न्यायालय में दी चुनौती

समाज के विभिन्न तबकों के लोगों से मिलेंगे

उन्होंने बताया कि ट्रम्प और प्रथम महिला राष्ट्रीय राजधानी तथा अहमदाबाद में आधिकारिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे और भारतीय समाज के विभिन्न तबकों के लोगों से बातचीत करेंगे.

विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा दोनों नेताओं को द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति की समीक्षा करने और हमारी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर देगी.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल सितंबर में अमेरिका की अपनी यात्रा के दौरान भी ट्रम्प को परिवार समेत भारत आने का निमंत्रण दिये जाने के बारे में याद दिलाया था.

ट्रम्प के भारत दौरे की घोषणा के पहले अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि उसने भारत को 1.9 अरब डॉलर की अनुमानित कीमत पर एकीकृत हवाई रक्षा हथियार प्रणाली उपलब्ध कराने की अनुमति दे दी है.

सैन्य सुरक्षा एजेंसी ने सोमवार को कहा कि ट्रम्प प्रशासन ने अमेरिकी कांग्रेस को भारत को एकीकृत हवाई रक्षा हथियार प्रणाली (आइएडीडब्ल्यूएस) बेचने की प्रतिबद्धता से अवगत करा दिया है.

विदेश विभाग ने अमेरिकी संसद को एक अधिसूचना में कहा है कि इसका अनुमानित मूल्य 1.867 अरब डॉलर होगा.

‘इंडियास्पोरा’ के प्रमुख एमआर रंगास्वामी ने कहा कि द्विपक्षीय व्यापार के मुद्दों को हल करने और अमेरिका-भारत के बीच सहयोग को रेखांकित करने के मद्देनजर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प सही समय पर भारत जा रहे हैं.

अमेरिकी-भारत रणनीतिक एवं भागीदारी मंच के प्रमुख मुकेश अघी ने कहा कि क्षेत्र को यह संदेश देना जरूरी है कि भारत एक महत्वपूर्ण भागीदार है और राष्ट्रपति इसकी कद्र करते हैं.

इसे भी पढ़ें – एडुकॉम्प, उसके निदेशकों पर बैंकों से 1,955 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button