JharkhandPalamu

#Palamu: अलग-अलग मामलों में चार गिरफ्तार, पिस्तौल और गोलियां बरामद 

Palamu: पलामू जिले में सोमवार को की गयी अलग-अलग कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इनमें दो अपराधियों को पिस्तौल और गोलियों के साथ, जबकि दो को नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास में पकड़ा गया है. चारों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

छतरपुर में पिस्तौल के साथ पकड़े गये दो अपराधी

जिले की छतरपुर पुलिस द्वारा ग्रामीणों और अपराधियों के बीच झड़प की सूचना पर की गयी कार्रवाई में दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. उनके पास से एक देसी कट्टा, 315 बोर की दो गोलियां, मोबाइल फोन व मोटरसाइकिल बरामद की गयी है.

इसे भी पढ़ें – ऐसा झारखंड में ही संभव: सत्तापक्ष के 4 विधायकों ने MNREGA की सोशल ऑडिट रोकने की मांग की

छतरपुर के एसडीपीओ शंभू कुमार सिंह ने बताया कि छतरपुर के उदयगढ़ मोड़ कउअल पंचायत भवन के पास ग्रामीणों एवं अपराधियों के बीच झड़प की सूचना मिली थी. सूचना पर छतरपुर थाना प्रभारी वासुदेव मुंडा ने कार्रवाई की.

थाना के सहायक अवर निरीक्षक सुभाष मलिक और जेवियर मिंज को सशस्त्र बल के साथ मौके पर भेजा गया. साथ ही गश्ती कर रहे प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक प्रकाश कुमार को भी अपने बल के साथ उक्त स्थान पर पहुंचने का निर्देश दिया गया.

वहां पहुंचने पर देखा गया कि कुछ ग्रामीण दो अपराधियों को खदेड़ रहे हैं. भाग रहे दोनों अपराधियों को पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल तथा ग्रामीणों के सहयोग से खदेड़ कर पकड़ लिया गया. पकड़े गये युवकों की पहचान शब्बीर आलम (उम्र 25 वर्ष) तथा तबरेज आलम उम्र (22 वर्ष) के रूप में की गयी. दोनों छतरपुर थाना क्षेत्र के अमवा के निवासी हैं.

उनकी तलाशी लेने पर शब्बीर आलम के पास से 315 बोर का देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और तबरेज आलम के पास से सैमसंग का मोबाइल फोन तथा हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद किया गया. दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया है.

पुलिस इस संबंध में छानबीन कर रही है. यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक हथियार लेकर किस घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे.

मेदिनीनगर में पोक्सो एक्ट में दो गिरफ्तार   

मेदिनीनगर शहर थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों के खिलाफ रविवार को मामला दर्ज किया गया था. मामला सामने आने के बाद पुलिस की ओर से कार्रवाई की गयी और दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

इसे भी पढ़ें – झारखंड के 155 अतिनक्सल प्रभावित थाना क्षेत्र में नक्सली दे रहे पुलिस को चुनौती

घटना के 24 घंटे के अंदर धराये आरोपी 

शहर थाना प्रभारी आनन्द कुमार मिश्रा ने बताया कि 2 फरवरी को बारालोटा के कोयरीटोला निवासी 20 वर्षीय पिन्टू कुमार और 19 वर्षीय सुशील कुमार के खिलाफ कांड संख्या 57/2020 धारा 354, 354 (ए) 376 (डी) 511 भा.द.वि तथा 10/6/18 पोक्सो एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था. अनुसंधान के क्रम में पुलिस अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने दोनों को गिरफ्तार किया.

बहला फुसला कर नाबालिग को ले जा रहे थे युवक

थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपी एक 12 वर्षीय नाबालिग किशोरी को बहला फुसला कर दुष्कर्म करने की नीयत से ले जा रहे थे. किशोरी द्वारा विरोध किया गया. बाद में परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने मामला दर्ज कराया.

इसे भी पढ़ें – टेरर फंडिंग मामला: हाइकोर्ट ने विनीत अग्रवाल के गिरफ्तारी वारंट पर लगायी रोक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button