JharkhandLead NewsRanchi

विधायक सरयू राय ने बन्ना गुप्ता पर फिर साधा निशाना, कांग्रेस नेताओं से भी की शिकायत

Ranchi : विधायक सरयू राय ने एक बार फिर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि मंत्री अपनी जवाबदेही को लेकर गंभीर नहीं हैं. उनकी करतूतों से राज्य का जन स्वास्थ्य भी बिगड़ रहा. सीएम हेमंत सोरेन के बाद अब उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के पास मंत्री की शिकायत दर्ज करायी है. ट्विटर पर भी इसकी जानकारी देते कहा है कि झारखंड के स्वास्थ्य विभाग के कतिपय कारनामों से उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को भी अवगत कराया है. विधानसभा में इनके नेताओं को भी बताया है कि स्वास्थ्य मंत्री की करतूतों पर लगाम लगाइये नहीं तो राज्य की सेहत बिगड़ने के साथ-साथ झारखंड सरकार का दामन भी दागदार होगा.

इसे भी पढ़ें – अब तक नहीं आयी है कोरोना के नये वैरिएंट का पता लगानेवाली जिनोम सिक्वेंसिंग मशीन

जिलों का हाल बदहाल

सरयू राय के मुताबिक जिलों में सिविल सर्जन का होना बेहद महत्वपूर्ण है. पर राज्य के सभी जिलों में अभी ऐसी स्थिति नहीं. सीएम हेमंत सोरेन से उन्होंने अपील करते हुए कहा है कि राज्य के चौबीसों ज़िलों में योग्य एवं स्थायी सिविल सर्जन नियुक्त करें. प्रभारियों और दागियों को हटायें. अनियमित ट्रांसफ़र-पोस्टिंग बंद करायी जाये. इसके अलावा उन्होंने सीएम से पूछा है कि स्वास्थ्य विभाग के कारनामों के बारे में वो जो सवाल उठा रहे हैं, वह सही है या स्वास्थ्य मंत्री जो कर रहे हैं, वह सही है?

सीएम अगर स्वास्थ्य सेवा में सुधार लाने पर गंभीर हैं तो सीएचसी, पीएचसी, सदर एवं अन्य सरकारी अस्पतालों को मज़बूत करें. दवा माफिया को कंट्रोल करें. ऐसा नहीं होने पर रांची के दवाई दोस्त जैसी सस्ती दवाओं की दुकानें स्वास्थ्य विभाग बंद कराता रहेगा. जन औषधि केन्द्र को खुलने या चलने नहीं देगा. ब्लड बैंक में खून आता रहे, इसके लिए सभी अस्पताल रक्तदान शिविर लगायें. मरीज़ों को मुफ़्त रक्त चढ़ायें. उन्हें डोनर लाने के लिए मजबूर न करें. स्वैच्छिक रक्तदान से ब्लड बैंक को मिले रक्त का व्यवसाय न करें. क्या रक्तदान का खून बेचने का सरकारी आदेश निजी ब्लड बैंकों को लाभ पहुंचाने के लिए है?

राज्य में अभी जो स्थिति है, उससे लगता है कि स्वास्थ्य विभाग खून का व्यवसाय करने में लगा है. सीएम से उन्होंने कहा है कि स्वास्थ्य विभाग को खून का व्यवसाय करने से रोकिए. ब्लड बैंक में जमा खून लाखों स्वैच्छिक रक्तदाताओं का है. विभाग ने इसकी प्रति यूनिट क़ीमत सरकारी अस्पतालों को 1050 रुपये और निजी अस्पतालों को 1450 रुपये वसूलने का आदेश कर दिया है. धनबाद जैसे ज़िले मरीज़ों से क़ीमत लेने लगे हैं. यह रुकना चाहिए.

कर चुके हैं मंत्री के इस्तीफे की मांग

सरयू राय के मुताबिक अपनी सरकार के दो वर्ष पूरा होने पर हेमंत ने कहा है कि वे स्वास्थ्य एवं शिक्षा को प्राथमिकता देंगे. इसके लिए उन्हें बधाई. अगर सीएम वाक़ई गंभीर हैं तो उन्हें नियम क़ानून की धज्जी उड़ाने, दोषियों को बचाने, भ्रष्ट आचरण करने, विधानसभा की अवमानना एवं विशेषाधिकार हनन करने वाले स्वास्थ्य मंत्री को बदल देना चाहिए.

इसे भी पढ़ें – खरसावां गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि देने पहुंचे केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा

Related Articles

Back to top button