JharkhandRanchi

40 सीटों पर उम्मीदवार देने के लिए आप में चल रहा मंथन, रांची विस सीट पर उम्मीदवार उतारना तय

Ranchi: विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी अपने उम्मीदवार उतारने के लिए तैयार है. पार्टी की राज्य कमेटी की ओर से फिलहाल 40 सीटों पर विस चुनाव में उम्मीदवार उतारे जाने की तैयारी की जा रही है.

इस संबध में राज्य कमेटी मंथन कर रही है. इन सीटों के नाम जल्द ही घोषित किये जायेंगे. ये बातें आप के प्रदेश सचिव राजन सिंह ने कहीं. वे बुधवार को पार्टी की ओर से आयोजित विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे.

उन्होंने कहा कि रांची में पार्टी निश्चित तौर से उम्मीदवार उतारेगी. इसके अलावा 40 सीटों पर मंथन चल रहा है. राज्य कमेटी से सीट और उम्मीदवारों के नाम फाइनल होने के बाद सेंट्रल कमेटी से मुहर लगेगी.

फिलहाल पार्टी ने गठबंधन या किसी अन्य पार्टी के साथ मिल कर चुनाव लड़ने पर विचार नहीं किया है. राजन ने कहा कि आचार संहिता लागू होने के एक सप्ताह बाद सीटों और उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जायेगी.

राजन ने कहा कि आप अगर किसी पार्टी के साथ मिल कर चुनाव लड़ती भी है तो पहले उस पार्टी की ईमानदारी और निष्पक्षता को ध्यान में रखा जायेगा. बता दें कि राजन सिंह रांची से पार्टी के उम्मीदवार हो सकते हैं.

इसे भी पढ़ें – धनबादः सीएम की सभा से पहले बंटी अखबार की कतरन, लोगों को बताया- रघुवर दास ने ही झरिया को उजाड़ देने की घोषणा की थी

रांची में सीपी सिंह ने विधायक और मंत्री रहते हुए भी बुनियादी समस्याओं की अनदेखी की

श्री राजन ने कहा कि सीपी सिंह को रांची की जनता ने लंबे समय से विधायक की कुर्सी दी. लेकिन अब विधायक की ओर से रांची शहर की बुनियादी समस्याओं और सवालों पर लगातार अनदेखी की जा रही है.

सफाई, होल्डिंग टैक्स, स्वास्थ्य, बिजली, ट्रैफिक से जुड़ी समस्याएं राजधानी में जिस तरह कायम हैं और यहां के विधायक सरकार में मंत्री पद पर रहते हुए भी इन समस्याओं के प्रति उदासीन रहे. उससे हर किसी में गहरी निराशा है.

उन्होंने कहा कि रांची में सिवरेज-ड्रेनेज हो या फिर तालाबों के सौंदर्यीकरण की योजना, इस्लामनगर और नागा बाबा खटाल से उजाड़े गये लोगों को बसाने का मामला हो या फिर रांची के अस्पतालों की व्यवस्था दुरुस्त करने का सवाल, विधायक और मंत्री की नाकामियां हर मोर्चे पर सामने आयी हैं.

इसे भी पढ़ें – #Dhullu तेरे कारण: केके साइडिंग के मजदूरों ने कहा- विधायक को रंगदारी देने में ही चला जाता है पैसा

पार्टी की पारदर्शिता झारखंड आ पहुंची

इस दौरान पार्टी के प्रदेश संयोजक जयशंकर चौधरी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पांच साल पहले दिल्ली से जिस ईमानदार और पारदर्शी राजनीति की शुरुआत की, अब वह झारखंड भी पहुंच गयी है.

लोगों का विश्वास आप के साथ है. जनहित में चलाये गये बुनियादी सवालों को लेकर पार्टी ने लगातार अभियान चलाया है और इन अभियानों में पार्टी को जनता का समर्थन भी मिला है.

श्री चौधरी ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस चुनाव में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण से जुड़े बुनियादी सवालों को मुद्दा बनायेगी. पार्टी का मानना है कि भरमाने वाली राजनीति से लोग ऊब चुके हैं. उन्हें ऐसे जनप्रतिनिधि चाहिए, जो उनके रोजमर्रा के सवालों और चुनौतियों का सामना करने में उनकी मदद कर सकें.

इस दौरान पार्टी की ओर से रिक्त पदों पर बहाली न होने, पांच सालों में जेपीएससी सिविल सेवा की एक भी परीक्षा न लिये जाने, स्कूलों-कॉलेजों में आधारभूत संरचना के ध्वस्त होने और विधि-व्यवस्था की लचर स्थिति पर चर्चा हुई और इन हालातों में बदलाव के संकल्प से जुड़े प्रस्ताव पारित किये गये. मौके पर आलोक शरण, पवन पांडे, यास्मिन लाल समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें – #SupremeCourt में #RamJanmabhoomiBabriMasjid विवाद की सुनवाई पूरी, 23 दिन के भीतर फैसला

Related Articles

Back to top button