
Palamu: राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रामचन्द्र चन्द्रवंशी के गृह जिले पलामू में एक महिला का सुविधा के अभाव में सड़क पर प्रसव कराये जाने की खबर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है.
महिला के घर एम्बुलेंस भेज कर उसे पीएमसीएच, मेदिनीनगर लाने का प्रयास किया जा रहा है. सतबरवा इलाके की नर्स को भी मौके पर दवा और स्लाइन लेकर भेजा गया है. सीएस डा. जॉन एफ केनेडी मामले की जांच के लिए मौके पर पहुंच गये हैं.
इसे भी पढ़ें – 13 महीनों के वेतन पर बोले पुलिस कर्मी- ये ठीक वैसा ही है, जैसे कार देकर चारों टायर खोल लेना
सिविल सर्जन ने बताया कि महिला की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर उसे पलामू मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में भर्ती किया जायेगा. इसके लिए महिला के गांव में एक एम्बुलेंस तैनात रखी गयी है.
उन्होंने कहा कि महिला इलाज के लिए अस्पताल आ रही थी कि उसे प्रसव पीड़ा होने लगी और प्रसव हो गया. हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि इस पूरे मामले में सहिया से चूक हुई है और इससे स्वास्थ्य विभाग को शर्मसार होना पड़ा है. मामले की जांच कर कार्रवाई की जायेगी.
इसे भी पढ़ें – आंगनबाड़ी आंदोलन : हेमंत के समर्थन से कांग्रेस के बदले बोल, प्रदेश अध्यक्ष ने कहा “ बड़े भाई की भूमिका में रहेगा JMM”
विदित हो कि बुधवार की दोपहर में जिले के सतबरवा प्रखंड अंतर्गत ठेमा नहर के पास पलामू किला रोड के किनारे एक गर्भवती महिला ने सुविधा के अभाव में सड़क किनारे एक बच्चे को जन्म दे दिया था. हालांकि इससे पहले उस सड़क से लौट रहे स्थानीय लोग और पत्रकारों ने महिला को कराहते देख एम्बुलेंस के लिए इसकी जानकारी 108 पर दी थी, लेकिन काफी देर बाद एम्बुलेंस मौके पर पहुंचा.
एम्बुलेंस के देर से पहुंचने के कारण महिला का प्रसव सड़क पर ही हो गया और बच्चे की मौत हो गयी थी. बच्चे की मौत से महिला अचेत हो गयी.
घटना की सूचना मिलने पर आस पास से लक्ष्मी देवी, नन्हकी देवी व अन्य स्थानीय महिलाएं मौके पर पहुंचीं और महिला की देखभाल की. वहां पहुंचे एम्बुलेंस कर्मी भी देर होता देख महिला को वहीं छोड़ चलते बने थे.
बाद में स्थिति सामान्य होने पर महिला अपने परिजनों के साथ अपने घर रबदा गांव के कुकुरबंधवा टोला चली गयी थी. महिला की पहचान गुडडू सिंह की 22 वर्षीय पत्नी अंजू सिंह के रूप में की गयी है.
इसे भी पढ़ें – पलामू: समय पर नहीं पहुंचा एम्बुलेंस, बीच सड़क पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म, नवजात की मौत



