
Khunti: खूंटी पुलिस ने शुक्रवार बड़ी कार्रवाई करते हुए भाकपा माओवादी संगठन से जुड़े पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया. पुलिस अधीक्षक श्री आलोक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अपराध की योजना बना रहे भाकपा माओवादी संगठन से जुड़े पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है.
गिरफ्तार अपराधियों में सुखदेव मुंडा, समीर नाग, करम सिंह मुंडा, नारदे मुंडा उर्फ बुधराम, कंदरा मुंडा उर्फ गांजा शामिल है. इनके पास से एक देसी कट्टा, पांच गोली, 35 पैकेट कंडोम, 15 मोबाइल चार्जर, एक अपाची मोटरसाइकिल और भाकपा माओवादी का एक बैनर भी बरामद किया गया है.
इसे भी पढ़ेंःपलामू : जिन सरकारी भवनों में बन रहा प्लान, वहीं फेल है जल शक्ति अभियान
अपराध को अंजाम देने की बना रहे थे योजना
संगठन से जुड़े पांचों अपराधी खूंटी में किसी बड़ी घटना का अंजाम देने की योजना बना रहे थे. अपराधियों की गतिविधि की जानकारी एसएसपी श्री आलोक को मिली. जिसके बाद एसडीओ खूंटी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया.
पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए मारंगहदा थाना क्षेत्र के ओमटो गांव से नक्सली संगठन से संबंध रखने वाले पांचों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया.
कई मामले में स्वीकारी अपनी संलिप्तता
नक्सली संगठन से संबंध रखने वाले पांचों अपराधियों से जब पुलिस ने पूछताछ की, तो उन्होंने कई मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
इनके खिलाफ कई मामले पहले से दर्ज हैं. पारा शिक्षक सनिका मुंडा पर जानलेवा हमला से लेकर सामु मुंडा हत्याकांड, लेवी व रंगदारी मामले में पुलिस को इनकी तलाश थी.
इसे भी पढ़ेंःRRDA-NIGAM: कौन है अजीत, जिसके पास होती है हर टेबल से नक्शा पास कराने की चाबी




