
Ranchi: झाविमो के केन्द्रीय कार्यालय में पार्टी प्रमुख बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में पलामू भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र प्रकाश बादल ने सैकड़ों समर्थकों के साथ झारखंड विकास मोर्चा का दामन थामा.
कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अमूमन लोग सत्ता की ओर जाना पसंद करते हैं, परंतु ऐसा कम ही देखा जाता है कि सत्तारूढ़ दल को छोड़ कर लोग दूसरे दल का दामन थामते हैं. बादल जैसे युवा नेता और इतनी संख्या में आप लोगों के आने से निश्चित रूप से झाविमो को मजबूती मिलेगी. राज्य की जनता ने चाहा तो झारखंड को एक समृद्ध राज्य बना कर पूरे देश में एक उदाहरण पेश किया जा सकता है. देश व राज्य में भाजपा की सरकार है पंरतु जनता की बुनियादी सुविधाओं को लेकर दोनों सरकारें पूरी तरह उदासीन व असंवेदनशील हैं.
इसे भी पढ़ें – बढ़ेंगी हेमंत सोरेन की मुश्किलेंः सोहराय भवन मामले में सरकार ने दिया कार्रवाई का आदेश
भाजपा सरकार से पूरे देश की जनता त्राहिमाम कर रही है. सरकार माने या न माने पिछले साल भर में भूख से लगभग डेढ़ दर्जन मौतें हो चुकी हैं. भले ही हम मंगल व चांद पर पहुंच जायें परंतु जब तक देश व राज्य के प्रत्येक गरीब की थाली में उनके पेट भरने लायक भोजन उपलब्ध नहीं हो जाता है तब तक विकास की तमाम बातें बेमानी हैं. विकास के अन्य पायदानों में शिक्षा, स्वास्थ्य आदि का हश्र भी किसी से छुपा नहीं है. सरकार इन जनहित के मुद्दों पर बात नहीं करती, वह जाति व मजहब में जनता को उलझाये रखती है. हम चाहते हैं कि राज्य में, देश में विकास को लेकर होड़ मचे.
इसे भी पढ़ें – सरायकेला मॉब लिंचिंग की घटना को लेकर हाइकोर्ट में दाखिल हुआ पीआइएल, सीबीआइ जांच की मांग
झाविमो का दामन थामने वाले धर्मेन्द्र प्रकाश बादल ने मौके पर कहा कि बाबूलाल मरांडी के रोडमैप पर ही आगे की तमाम सरकारों ने काम किया परंतु राज्य के विकास को जो गति पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल ने दी, वह कोई और नहीं दे पाया. आज झारखंड को सिर्फ बाबूलाल मरांडी की जरूरत है.
इस अवसर पर केन्द्रीय उपाध्यक्ष रामचंद्र केसरी और विनोद शर्मा, केन्द्रीय सचिव सुरेश साव,केन्द्रीय मीडिया प्रभारी तौहीद आलम पलामू जिलाध्यक्ष मुरारी पांडेय, छतरपुर नपा अध्यक्ष मोहन जायसवाल, रांची महानगर जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें – नियुक्ति नियमावली बनने के बाद भी नहीं निकाला गया एएनएम, जीएनएम अनुबंधकर्मियों की नियुक्ति का विज्ञापन, हड़ताल में कर्मी



