Jharkhandlok sabha election 2019Ranchi

झारखंड के पहले और दूसरे चरण के चुनाव को लेकर तैयारी पूरी कर लें संबंधित जिला निर्वाची पदाधिकारी : एल ख्यांग्ते

Ranchi : झारखंड में प्रथम और दूसरे चरण में होनेवाले लोकसभा निर्वाचन की तैयारियों को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल ख्यांग्ते ने रविवार को संबंधित जिलों के जिला निर्वाची पदाधिकारियों के साथ बैठक की. उन्होंने 29 अप्रैल और छह मई को होनेवाले मतदान की तैयारियां पूरा करने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि 29 अप्रैल को होनेवाले चुनाव में झारखंड के चतरा, लोहरदगा और पलामू में मत डाले जायेंगे. वहीं छह मई को रांची, खूंटी, कोडरमा और हजारीबाग सीट को लेकर मत डाले जायेंगे. बैठक में ईवीएम-वीवीपैट के पहले रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया, मतदानकर्मियों की जरुरत और उपलब्धता, मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और नामांकन प्रक्रिया को लेकर की गयी तैयारियों का जायजा लिया गया.

श्री ख्यांग्ते ने कहा कि प्रथम और दूसरे चरण के चुनाव को लेकर शुरू होनेवाली नामांकन प्रक्रिया को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाये. चुनावी प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग द्वारा दिये गये निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का आदेश भी दिया गया.

इसे भी पढ़ें : मौत की घाटी बन चुकी है चुटूपालू घाटी, 3 माह में 10 लोगों की हो चुकी है मौत

ईवीएम-वीवीपैट की सुरक्षा जरूरी : विनय चौबे

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय चौबे ने सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को ईवीएम-वीवीपैट के रख-रखाव, सुरक्षा और आवश्यक निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट के रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है.

मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था कराने की तैयारियां की जा रही हैं. दो अप्रैल को चतरा, लोहरदगा और पलामू सीट के चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी कर दी जायेगी. इन सीटों के संबंधित निवार्ची पदाधिकारियों ने बैठक में बताया कि नामांकन प्रक्रिया को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.

झारखंड में दूसरे चरण में कोडरमा, रांची, खूंटी और हजारीबाग लोकसभा सीट चुनाव को लेकर 10 अप्रैल को अधिसूचना जारी की जायेगी. निर्वाचन पदाधिकारियों ने मतदाताओं को जागरुक करने के लिए स्वीप के तहत चल रहे कार्यक्रमों की भी जानकारी दी. बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ मनीष रंजन और संबंधित जिलों के उपायुक्त मौजूद थे.

इसे भी पढ़ें : कांग्रेस ने आदिवासियों को गुमराह कर केवल मतपेटी भरने का काम किया : समीर उरांव

Related Articles

Back to top button