
Ranchi : राज्य में वर्तमान सरकार को तकरीबन 20 माह पूरे हो चुके हैं. इतनी अवधि में 41 महिलाओं को डायन बिसाही प्रकरण में अपनी जान गंवानी पड़ी है. गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग (झारखंड सरकार) ने खुद यह जानकारी विधानसभा में दी है. मानसून सत्र की अवधि में भाजपा विधायक बिरंची नारायण ने सरकार से राज्य में आपराधिक घटनाओं के संबंधी सूचना मांगी थी.
इस पर विभाग ने बताया कि 2020 से अब तक (जुलाई 2021 तक) राज्य में 2961 लोगों की हत्या हो चुकी है. 2020 में 1796 महिलाएं जबकि इस साल अब तक 929 महिलाएं दुष्कर्म का शिकार हुई हैं. अपहरण के 42 केस दर्ज हुए हैं.
इसे भी पढ़ें – बिहार पंचायत चुनावः दूसरे चरण की अधिसूचना जारी, 7 से 13 सितंबर तक नामांकन
अभी बनी हुई है नक्सल चुनौती
गृह विभाग के मुताबिक राज्य में नक्सल वारदात की घटनाएं अब भी दर्ज हो रही हैं. 2020 में 362 केस रिकॉर्ड में आये. इसके अलावे इस मामले में इस साल अब तक 216 केस रजिस्टर्ड हुए हैं.
राजभवन, रांची की दीवारों पर धमकी भरे पोस्टर साटे जाने का मामला भी इनमें है. लूट के 1098 केस और डकैती के 197 केस पुलिस थानों में दर्ज कराये जा चुके हैं. सभी मामलों में पुलिस के स्तर से अनुसंधान जारी है.
इसे भी पढ़ें –झारखंड हाइकोर्ट ने नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल से मांगा जवाब- जब सुनवाई चल रही थी, तो रजिस्ट्रार पद पर नियुक्ति कैसे हुई




