JharkhandLead NewsRanchi

मुठभेड़ में मारे गये 60 लाख के इनामी नक्सलियों पर बिहार-झारखंड में दर्ज हैं 247 मामले, पुलिस से लूटा गया हथियार बरामद

Ranchi : झारखंड-बिहार के सीमांत इलाके के भाकपा माओवादी दस्ते और सुरक्षाबलों की मुठभेड़ में मारे गये नक्सलियों पर सरकार ने 60 लाख का इनाम रखा था. मारे गये नक्सलियों पर बिहार-झारखंड के विभिन्न थानों में 247 मामले दर्ज हैं. सैक सदस्य गौतम पासवान पर 25 लाख, अजित उरांव पर 25 लाख, अमर गंझू पर 5 लाख और अजय यादव पर 5 लाख का इनाम घोषित था. सोमवार को चतरा एवं पलामू के सीमांत इलाके में स्थित लावालौंग थाना क्षेत्र स्थित ग्रहे वन क्षेत्र में भाकपा माओवादी के 25 लाख के इनामी सैक सदस्य गौतम पासवान उर्फ अरुण और अजीत उरांव उर्फ चार्लीस के दस्ते के जमावड़े की सूचना पर चतरा पुलिस, 203 कोबरा टीम तथा सीआरपीएफ 134 बटालियन सघन जांच करते हुए आगे बढ़ रही थी कि घात लगाये हुए माओवादियों ने सुरक्षा दलों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी. गोलीबारी पर सुरक्षाबलों ने जबावी कार्रवाई की. सुरक्षाबलों को भारी पड़ता देख माओवादी नेता अपने दस्ते के सदस्यों के साथ भाग खड़े हुए. मुठभेड़ के बाद इलाके की चारों तरफ से घेराबंदी कर सघन सर्च अभियान चलाया गया. तलाशी के दौरान पांच माओवादियों के शव अत्याधुनिक हथियार के साथ बरामद हुए हैं. पांचों नक्सलियों की पहचान गौतम पासवान, अजीत उरांव उर्फ चार्लीस, अमर गंझू, अजय यादव उर्फ नंदु ओर संजीत भुंईया के रूप में हुई है. गौतम पासवान पर 100, अजीत उरांव पर 50, अमर गंझू पर 18 अजय यादव पर 12 ओर सुजीत भुइयां पर 67 मामले बिहार झारखंड के विभिन्न थाने में दर्ज हैं.

तलाशी के दौरान कई हथियार बरामद, सुरक्षाबलों ने नक्सली कैम्प किया ध्वस्त

तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों ने अत्याधुनिक हथियार बरामद किया है. वहीं इस अभियान में नक्सलियों का एक बड़ा कैम्प भी ध्वस्त किया गया है. अत्याधुनिक हथियार, गोलियों के जखीरे के साथ अन्य जरूरी सामान की भी बरामदगी हुई है. जिसमें दो एके 47, एक इंसास राइफल, दो अन्य राइफल के साथ सैंकड़ों गोलियां एवं अन्य दैनिक उपयोग के सामान भी बरामद हुए हैं. इस सीमांत इलाके पर मिली बड़ी सफलता से नक्सलियों की कमर टूट गयी है. गौतम पासवान की टीम को माओवादियों के एक सशक्त दस्ते के रूप में जाना जाता था, जो लगातार कई वर्षों से पुलिस बल एवं आम लोगों को क्षति पहुंचा रहा था. सुरक्षाबलों द्वारा माओवादियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में लगातार सफलता मिल रही है. ज्ञात हो पिछले दिनों झारखण्ड छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित बूढ़ा पहाड़, चाईबासा-सरायकेला-खूंटी के सीमावर्ती ट्राई जंक्शन क्षेत्र को सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान से नक्सलियों से लगभग मुक्त करा लिया गया है.

इसे भी पढ़ें – गिरिडीह में चार साइबर अपराधी गिरफ्तार, 18 मोबाइल फोन में मिले 100 से अधिक खाताधारकों के बैंक डिटेल्स

Related Articles

Back to top button