JharkhandLead NewsRanchiTOP SLIDER

10 वर्षों में मोदीजी ने देश को भ्रष्टाचार, पिछलग्गू के दौर से निकाला बाहर, अगले पांच सालों में विकसित भारत का सपना करेंगे साकार: जेपी नड्डा

Ranchi : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को दुमका लोकसभा कैंडिडेट सीता सोरेन को जीत दिला कर लोकसभा भेजने की अपील लोगों से की. सारठ में आयोजित जनसभा में कहा कि दस साल पहले देश भ्रष्टाचारी, पिछलग्गू होने का दंश झेल रहा था. लोगों ने मान लिया था कि राजनेताओं के किसी भी प्रयास से अब कोई परिवर्तन नहीं होने वाला. फिर जब लोगों ने मोदीजी पर भरोसा किया तो उन्होंने अपने तप, कर्म के साथ देश को आगे बढाने का काम किया. पिछले 10 सालों में देश बदल रहा और आगे बढ़ रहा, यह सामान्य लोग भी कह रहे. सीता सोरेन को वोट दिलाने से केंद्र में फिर मोदी सरकार बनने और अगले पांच सालों में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में मदद मिलने की बात जेपी नड्डा ने कही. कहा कि 10 साल पहले जाति, धर्म, क्षेत्र के आधार पर वोट मांगे जाते थे. मोदीजी ने राजनीति की परिभाषा, इसकी चाल ढाल बदल दी. विकासवाद की बात की. सबका साथ, सबका विश्वास और सबका विकास को लक्ष्य करते काम किया. उनकी नेतृत्व क्षमता का कमाल है कि जब अमेरिका, यूरोपीय देशों की इकोनॉमी डगमगा रही है, भारत की अर्थव्यवस्था ब्रिटेन को पछाड़कर 11वें से 5वें स्थान पर आ चुकी है. मौके पर सीता सोरेन, विधायक रणधीर सिंह समेत अन्य भी मौजूद थे.

आत्मनिर्भर होता देश

जेपी नड्डा ने कहा कि पूर्व में किसी बीमारी के लिए दवाओं को इस देश में आने में 30 साल लग जाते थे. टेटनस की दवा 30 साल में तो डिप्थेरिया की 28 में, जापानी बुखार का 100 सालों में आया. पर देश में जनवरी 2020 में जब कोरोना आया तो वैज्ञानिकों ने नौ महीने के भीतर दो- दो वैक्सीन बनाये. 220 करोड़ लोगों को मुफ्त में इसे लगाया गया. 100 देशों को भी इसे भेजा गया. नेपाल, तुर्की में भूकंप आया तो सबसे पहले भारत पहुंचा. अब दवाईयां बनाने में यह देश विश्व में दूसरे स्थान पर है. पेट्रो केमिकल उद्योग में भारत आगे है. कभी चीन से बनी मूर्तियां यहां आती थीं, अब मूर्तियां बनाने में देश तीसरे नंबर पर है. 10 साल पहले चीन, कोरिया की मोबाइल यहां आती थी, अब 97 फीसदी मोबाइल यहीं तैयार हो रही है. 10 सालों में 55 हजार किमी हाइवे बने. हर दिन 28 किमी सड़क तैयार हो रही. डेढ लाख गांवों में पीएम सड़क योजना पहुंची. देवघर में एम्स, एयरपोर्ट बना. केंद्रीय स्कूल खुले. कांग्रेस, झामुमो को घेरते कहा कि अभी तक दो लाख गांव में ऑप्टिकल फाइबर बिछाये गये हैं. कॉमन सर्विस सेंटर का लाभ मिल रहा. पर कांग्रेस, झामुमो कहते थे कि इसका क्या फायदा. यह पैसों की बर्बादी है. नड्डा ने आयुष्मान योजना, आगे बनने वाले 3 करोड़ पक्का आवास और अन्य योजनाओं की भी चर्चा की.

इसे भी पढ़ें – झूठ बोलकर जनता को भ्रम में रख रही कांग्रेस, पीएम मोदी ने 25 करोड़ गरीब लोगों के घर में किया उजाला: मोहन यादव

Related Articles

Back to top button