
Giridih: सूर्यकुण्ड मेला देखने जा रहे दो बाइक सवार युवकों की मौत मंगलवार को बगोदर थाना इलाके के जीटी रोड स्थित संतरुप्पी मोड़ के पास हो गई. घटना दोपहर 12 बजे के आसपास बताई जा रही है. बाइक सवार दोनों युवक 20 वर्षीय अजय कुमार और 19 वर्षीय सन्नी कुमार बगोदर थाना इलाके के डोंडलो गांव के रहने वाले थे और अपने घर से हजारीबाग के बरकट्ठा के सूर्यकुण्ड मेला देखने जा रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे गैस सिलेंडर से लदे ट्रक से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई और दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.

घटना के बाद घटनास्थल में मची अफरातफरी के बीच कुछ देर के लिए आवागमन ठप हो गया वहीं घटना की जानकारी मिलते ही बगोदर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने मौके पर मौजूद गैस सिलेंडर लदे ट्रक को जब्त कर थाना ले आई. वहीं दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस बीच घटना की जानकारी मिलने पर मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंचे. परिजनों में घटना को लेकर कोहराम मच गया. किसी तरह पुलिस ने परिजनों को हिम्मत देते हुए दोनो के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा.




