
Ranchi: सोमवार को होने वाले झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में भाग लेने के लिए यूपीए के 32 विधायक विशेष विमान से रायपुर से छह दिन बाद रांची लौट आए हैं. सभी विधायक तीन विशेष बस से एयरपोर्ट से कचहरी स्थित सर्किट हाउस के लिए रवाना हो गए है. एयरपोर्ट में सभी विधायकों को लेने के लिए सरकार के मंत्री मिथिलेश ठाकुर और सत्यानंद भोक्ता पहुंचे थे.
सभी विधायकों का वेलकम करने के लिये एयरपोर्ट आये हैं: सत्यानंद
बिरसामुंडा एयरपोर्ट पहुंचे मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि सारे विधायकों का वेलकम करने यहां आये हैं. सारे विधायक कहां रहेंगे इसका फिलहाल जवाब नहीं दिया लेकिन कहा कि सारे लोग साथ में ही लंच भी करेंगे और डिनर भी. विशेष सत्र पर उन्होंने कहा कि सत्र में सुखाड़ पर चर्चा होगी, साथ ही और भी कई मुद्दे हैं जिनपर चर्चाएं होनी हैं. सरकार पर किसी तरह के खतरे से इंकार करते हुए कहा कि हमारे पास संख्याबल है और किसी के कहने से सरकार नहीं गिर जायेगी. यूपीए के सारे विधायक एकजूट हैं.
गौरतलब है कि 30 अगस्त को यूपीए के 32 विधायक और कांग्रेस कोटे के सभी चार मंत्री विशेष चार्टड प्लेन से रायपुर रवाना हो गए थे. इसमें कांग्रेस के 12 ,जेएमएम के 19 और राजद के एक विधायक भी शामिल थे. साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत अन्य लोग भी शामिल थे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं सभी विधायकों को छोड़ने एयरपोर्ट गए थे. इसके बाद एक सितम्बर को हुई कैबिनेट की बैठक में शामिल होने को रायपुर से कांग्रेस कोटे के मंत्री रांची आए थे और उसके बाद वह फिर वापस लौट गए.,
इसे भी पढ़े: टाटा संस के पूर्व चेयरमैन उद्योगपति सायरस मिस्त्री की सड़क हादसे में मौत
पहले यह था कार्यक्रम
जानकारी के मुताबिक पूर्व में यह तय हुआ था कि रायपुर से विधायक 5 सितम्बर को ही रांची लौटेंगे. इस दिन राज्य सरकार सदन में विश्वास मत साबित करने को अपने विधायकों के साथ सदन में पूरी टीम के साथ दिखेगी. 5 तारीख से पहले तक झारखंड में विधायकों के रहने से संभावित तोड़ फोड़ की आशंका से बचाव को ऐसा प्लान तय किया गया था.




