
-पेट्रोलिंग पर तैनात हवलदार लोगों से RJD प्रत्याशी को वोट देने कह रहे थे, विरोध करने पर की फायरिंग, बंदूक की बट से कईयों को मारा.
-बीडीओ ने फायरिंग की बात स्वीकारी, डीसी और एसपी ने नकारा.
Garhwa: झारखंड की तीन सीटों के लिए आज वोटिंग हो रही है. खबर लिखे जाने तक चुनाव शांतिपूर्ण है. लेकिन वोटिंग के दौरान गढ़वा के बरडीहा प्रखंड के लवाचंपा प्राथमिक विद्यालय में बूथ संख्या 101 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बूथ पर फायरिंग हुई. गोली चलाने का आरोप पेट्रोलिंग में तैनात झारखंड पुलिस के एक हवलदार नेजाम अंसारी पर लगा है.
इसे भी पढ़ेंःफिर से रघुवर दास ने ‘हर घर 24 घंटे बिजली नहीं तो वोट नहीं’ की मियाद बढ़ायी, हुए वायरल
बताया जा रहा है कि हवलदार नेजाम अंसारी आरजेडी प्रत्याशी घूरन राम के पक्ष में लोगों को वोट करने की अपील कर रहे थे. इसी क्रम में स्थानीय लोगों ने जब इसका विरोध किया तो उन्होंने फायरिंग कर दी. और कई लोगों को पिस्टल के बट से मारा भी.
क्या है मामला
बरडीहा प्रखंड के लवाचंपा प्राथमिक विद्यालय में बूथ संख्या 101 पर हवलदार नेजाम अंसारी आरजेडी प्रत्याशी घूरन राम के पक्ष में लोगों को वोट करने की अपील कर रहे थे.
इसी दौरान स्थानीय लोगों ने हवलदार को घेर लिया और इसका विरोध करने लगे. इसी बीच हवलदार निजाम अंसारी ने अपने सर्विस रिवॉल्वर से एक फायरिंग कर दी और रिवॉल्वर की बट से मारकर कई लोगों को घायल भी कर दिया. घटना के बाद हवलदार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
इसे भी पढ़ेंःधनबाद : पानी छिड़काव की मांग पर कंपनी के मालिक ने कहा – “डस्ट नहीं खाओगे, तो गोली खाओ” और मार दी गोली
आत्मरक्षा में चलाई गई गोली- बीडीओ
मामले की जांच करने पहुंचे बरडीहा के प्रखंड विकास पदाधिकारी बताया कि सुनने में आ रहा है कि बाइक से पेट्रोलिंग कर रहे एक हवलदार ने गोलीबारी की है.
उनको कुछ लोगों ने घेर लिया था जिसके चलते जवान को भय हुआ और आत्मरक्षा में एक हवाई फायरिंग कर दी. साथ ही कहा कि जांच की जायेगी कि सही में किस वजह से गोली चलाई गई है. फिलहाल मतदान शांतिपूर्ण हो रहा है.
नहीं हुई फायरिंग- एसपी
इस मामले में गढ़वा एसपी शिवानी तिवारी बताया कि इस तरह की कोई घटना नहीं हुई थी. बस थोड़ा सा विवाद हुआ था. लोग जानबूझकर अफवाह फैला रहे हैं कि गोलीबारी की गई है. मामले की जांच की जा रही है.
गढ़वा के बूथ नंबर 101 में फायरिंग की कोई घटना नहीं हुई – डीसी
उपायुक्त गढ़वा हर्ष मंगला ने जानकारी दी कि पलामू लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत गढ़वा जिला में शांतिपूर्ण मतदान हो रहा है. उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र संख्या 101 बरडीहा में फायरिंग की कोई घटना नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि इसकी पुष्टि जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा नहीं की गई है. अतः यह अपुष्ट खबर है. उपायुक्त ने कहा कि मामले की जांच जिले के वरीय पदाधिकारियों की सौंप दी गई है.
इसे भी पढ़ेंःझारखंड कैसे बनेगा पावर हब! तीन साल बाद भी तिलैया अल्ट्रा मेगा पावर प्लांट के लिये नहीं मिल रहे निवेशक




