
Hazaribagh : सड़क और पुलिया निर्माण में ठेकेदार द्वारा गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए भगवान बागी के ग्रामीणों ने विरोध किया. ग्रामीणों के विरोध के कारण ठेकेदार ने काम बंद कर दिया. बता दें कि ठेकेदार द्वारा भगवान बागी से लेकर चंदोल तक राज्य संपोषित मरम्मत योजना के अंतर्गत सड़क व पुलिया निर्माण कराया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- लातेहारः अवैध ईंट भट्ठे पर हादसा, पानी टंकी धंसी, मलबे में दबकर दो बच्चों की मौत
आठ इंच के बजाय दो इंच ही ढलाई करने का आरोप
ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया निर्माण में एस्टिमेट के अनुसार जमीन से आठ इंच ढलाई करनी है, लेकिन ठेकेदार द्वारा दो ही इंच ढलाई की जा रही है. मसाला बिना मापी कर बनाया जा रहा था, जिस कारण पुलिया मजबूत रूप से नहीं बनता. पुलिया की चौड़ाई भी चार इंच कम है. ग्रामीणों ने यह भी बताया कि रोड सेंटर से हटकर पुलिया बनाया जा रहा है. जिस ओर नदी के पानी का बहाव तेज है, उसी ओर पुलिया बनाया जा रहा है. इससे भविष्य में पुलिया कभी भी ध्वस्त हो सकता है.
इसे भी पढ़ें- …और समाहरणालय पहुंचकर खुद पर केरोसीन उड़ेल आग लगाने लगी महिला
पीसीसी पथ निर्माण में भी अनियमितता का आरोप
ग्रामीणों ने यह भी शिकायत की है कि पीसीसी पथ में भी अनियमितता बरती गयी है. पीसीसी पथ बनाये जाने के कुछ ही माह बाद गिट्टी उखड़ने लगे. वहीं, पीसीसी के दोनों किनारे मिट्टी की भी भराई नहीं की गयी है. ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क व पुलिया मजबूत रूप से बनें. मांग करनेवालों में मुख्य रूप से लोजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला संयोजक मो परवेज, जीसस मिशनरी सोसायटी ऑफ कर्णपुरा के सचिव नकुल महतो, आकाश कुमार, विनोद प्रजापति, शंकर प्रजापति समेत दर्जनों ग्रामीण पुलिया व सड़क निर्माण में गड़बड़ी किये जाने का विरोध कर रहे थे.
निर्माण में सुधार लाया जायेगा : फील्ड ऑफिसर
इस संबंध में विभाग के फील्ड ऑफिसर मृत्युंजय कुमार शाही ने बताया कि इस योजना की प्राक्कलन राशि छह लाख रुपये है, जो जीएसटी काटकर चार लाख रुपये ही बचते हैं. इसी में सड़क निर्माण करना है. सड़क की लंबाई दो किलोमीटर 30 मीटर है. इसका ठेकेदार विजय प्रसाद है. उन्होंने यह भी कहा कि पेड़ होने के कारण पुलिया को तिरछा बनाया जा रहा था. पुलिया निर्माण कार्य में सुधार लाया जायेगा. तब ग्रामीण शांत हुए.




