
Dhanbad: सोमवार की सुबह बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने एक बार फिर अन्धाधुन्ध फायरिंग कर दहशत फैला दी. संयोग अच्छा था कि जिसे गोली मारना था, उस पर अपराधी फायरिंग तो किए लेकिन एक ट्रैक्टर के बीच में होने के कारण हिल टॉप आउटसोर्सिंग कंपनी के लाइजनिंग ऑफिसर राजेश यादव की जान बच गई. पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखा और जीवित कारतूस बरामद किया है. इससे पूर्व में भी राजेश यादव पर हमला हो चुका है. जिससे बचने के लिए उन्होंने अपनी सुरक्षा में निजी गार्ड भी रखा है. साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर धनबाद पुलिस से गुहार भी लगाई है.
घटना धनबाद के केंदुआडीह थाना क्षेत्र के केंदुआ-झरिया मुख्य मार्ग की है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे केंदुआडीह थाना से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर स्थित हिल टॉप आउटसोर्सिंग कंपनी के लाइजनिंग ऑफिसर राजेश यादव अपने आवास से बाहर निकल कर अपने पिता के साथ सड़क के किनारे खड़े थे. उसी दौरान सीबीजेड बाइक पर सवार होकर आए तीन अज्ञात बदमाशों ने उनपर एक-एक कार छह गोलियां दाग दी. बाइक पर सवार होकर आए तीन अपराधियों ने राजेश यादव पर निशाना साध कर चलाया था, गनीमत रही कि इस गोलीबारी में राजेश यादव बालबाल बच गए. अपराधियों द्वारा चलाई गई गोलियां सड़क किनारे बने दीवार और एक दुकान के शटर पर लगी है.
इस दौरान बेटे पर राजेश पर फायरिंग होते देख बगल में खड़े उनके पिता ने भी अपराधियों पर पत्थर चलाया. पत्थर अपराधियों को लगा अथवा नहीं, यह तो पता नहीं चला है लेकिन अपने को घिरते देख अपराधी भाग निकले. घटना के बाद मौके पर पहुंची केंदुआडीह पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है.
बता दें कि राजेश यादव हिलटॉप आउटसोर्सिंग कंपनी में लाइजनिंग ऑफिसर का काम करते हैं. कोयला का भी उनका कारोबार है. जानकारी के अनुसार पिछले कई दिनों से राजेश यादव की रेकी की जा रही थी. बेकार बांध की पार्टी में भी पहुंचे राकेश यादव की रेकी की गई. वही, गोली मारने की योजना थी लेकिन अपराधियों को इसमें सफलता नहीं मिली.
राजेश यादव का घर धनबाद कतरास रोड पर केंदुआ पुल के समीप है. फिलवक्त राजेश यादव केंदुआडीह थाना पहुंचे हैं और प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है. अपराधी राजेश यादव को पहचानते थे और राजेश यादव भी अपराधियों को पहचानते है. इस कारण जैसे ही अपराधी कमर से पिस्टल निकाले, राजेश यादव भागने लगे और उनकी जान बच गई.
इसे भी पढ़ें: Breaking: सिंदरी विधायक इंद्रजीत महतो के इंजीनियर बेटे ने किया सुसाइड, पत्नी की बिगड़ी तबीयत




