
Ranchi: धनबाद मंडल कारा में बंद शूटर अमन सिंह की गोली मारकर हत्या मामले को झारखंड हाईकोर्ट ने गंभीरता से लिया है. हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस संजय कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने मामले में संज्ञान लेते हुए कल यानी मंगलवार को आईजी प्रिजन को वर्चुअल मोड में कोर्ट के समक्ष उपस्थित रहने को कहा है.
इसे भी पढ़ें: जानिए सुंदर महतो को, जिसने जेल के अंदर गैंगस्टर अमन सिंह को गोलियों से छलनी कर दिया, महज 10 दिन पहले ही आया था जेल
कोर्ट ने सरकार से यह जानना चाहा की जेल में किस तरह फायर आर्म्स पहुंच गए और जेल सुरक्षा में चूक का क्या कारण है. सुनवाई के दौरान महाधिवक्ता राजीव रंजन एवं अधिवक्ता पियूष चित्रेश ने सरकार की ओर से पक्ष रखा. उनकी ओर से कोर्ट को बताया गया कि सरकार इस घटना की समीक्षा कर रही है. पुलिस के आला अधिकारी वहां गए हुए हैं और हत्या की इस घटना पर जानकारी इकट्ठा कर रहे है. आईजी प्रिजन भी घटना स्थल पर गए हैं, वहां से लौट के बाद वे घटना के संबंध में रिपोर्ट देंगे. बता दे की रविवार को धनबाद में जेल में ही अमन सिंह को तीन गोली मारी गई थी.
कुख्यात शूटर अमन सिंह धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर और कांग्रेस नेता नीरज सिंह हत्या मामले में लंबे समय से जेल में बंद था. घटना के बाद धनबाद के डीसी वरुण रंजन, एसएसपी संजीव कुमार सहित जिले के तमाम आलाधिकारी धनबाद मंडल कारा पहुंचे और मामले की जांच कर रहे है. बताया जा रहा है कि अमन सिंह को जेल के अंदर तीन गोलियां मारी गईं. गोली मारे जाने के बाद अमन सिंह को आनन-फानन में धनबाद स्थित एसएनएमएमसीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था.
इसे भी पढ़ें: अमन सिंह हत्याकांड में ऑडियो वायरल, आशीष रंजन उर्फ छोटू सिंह ने ली हत्या की जिम्मेदारी




