
Ranchi : शहरी क्षेत्र के एसएचजी के सशक्तीकरण की मुहिम तेज होगी. महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए उनके हुनर की ब्रांडिंग के लिए राज्य सरकार ने कदम उठाया है. अब बहुत जल्द राजधानी के बाजारों के स्टॉल पर सोन चिरैया ब्रांड से गुजिया और पेड़ुकिया उपलब्ध होगा. नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत नगरीय प्रशासन निदेशालय कार्यालय में बुधवार को इसकी विधिवत शुरुआत की गयी.
निदेशालय की निदेशक विजया जाधव की उपस्थिति बड़ी संख्या में महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों ने पूजा अर्चना के साथ शुद्धता को बरकरार रखते हुए शुद्ध घी और खोआ से पेड़ुकिया का उत्पादन शुरु किया. महिलाओं के मनोबल को बढ़ाने के लिए खुद निदेशक विजया जाधव भी गुजिया बनाती दिखीं.
इसे भी पढ़ें :कच्ची घानी तेल के नाम पर ग्राहकों की आंखों में धूल झोंक रहीं बड़ी कंपनियां
आर्थिक संवर्धन की पहल: निदेशक
मौके पर विजया जाधव ने कहा कि दीनदयाल अंत्योदय-शहरी आजीविका मिशन के तहत एसएचजी महिलाओं का आर्थिक संवर्धन किया जा रहा है. अब इनके द्वारा निर्मित उत्पाद बाजार तक पहुंचेगा.
प्रथम चरण में राजधानी रांची के महत्वपूर्ण स्थानों झारखंड मंत्रालय भवन, जुपमी भवन, नेपाल हाउस, अटल वेंडर मार्केट, बिग बाजार, न्यूक्लियस मॉल, कचहरी चौक इत्यादि जगहों पर स्टॉल लगाये जायेंगे.
इस उत्पाद का ब्रांड नाम होगा सोन चिरैया. जो केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा जारी किया गया है. होम डिलिवरी या अत्यधिक मात्रा में उपलब्ध कराने के लिए कोई भी व्यक्ति व्हाट्सप नंबर 7766817777 पर 24 घंटे पहले मैसेज अथवा कॉल कर के ऑर्डर कर सकता है.
इसे भी पढ़ें :अमिताभ बच्चन के खाते से रुपये उड़ानेवाला जामताड़ा का सीताराम मंडल फिर गिरफ्तार
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान निदेशक विजया जाधव के साथ-साथ सहायक निदेशक योगेन्द्र प्रसाद और शैलेश प्रियदर्शी, स्मार्ट सिटी जीएम राकेश कुमार नंदक्योलियार, मुख्य वित्त पदाधिकारी ज्योति पुष्प, जन संपर्क पदाधिकारी अमित कुमार, निदेशालय की ओर से कुमार बम, सलोनी सिंह पहवा, मुकेश झा और अन्य मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें :नगर विकास विभाग : 11 अधिकारियों की पोस्टिंग, 5 का तबादला




