JharkhandRanchi

अबुआ आवास योजना: पहली साल की योजना भी अब तक पूरी नहीं, दो लाख में से 55765 आवास ही पूरे हुए

Ranchi: अबुआ आवास योजना से वित्तीय वर्ष 2023-24 से अब तक महज 28 फीसदी ही आवास का काम पूरा हो पाया है. राज्य सरकार ने सभी जिलों को मिलाकर दो लाख आवास निर्माण का लक्ष्य पहले वित्त वर्ष में रखा था जिसके विरूद्ध 199715 आवास स्वीकृत किए गये थे. स्थिति यह है कि एक साल से अधिक समय बीतने के बाद भी अब महज 55765 आवास का काम पूरा हो पाया है. लोहरदगा, गुमला, देवघर, सरायकेला-खरसावां, दुमका, साहेबगंज, गोड्डा, रांची, हजारीबाग, गिरिडीह, चतरा, गढ़वा, पलामू व पशिचम सिंहभूम जिले की खराब स्थिति है, यहां लक्ष्य से काफी कम आवास बनाये गये हैं. ग्रामीण विकास विभाग ने इसे लाल निशान पर रखा हुआ है.

वहीं पाकुड़ जिले की स्थिति अव्वल है यहां लक्ष्य 6649 में से 3583 आवास का काम पूरा कर दिया गया है यानि 53 फीसदी से अधिक घर बना दिए गये हैं. कोडरमा, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा, धनबाद, बोकारो, जामताड़ा, लातेहार की स्थिति बेहतर है इन जिलों में 30 से 50 फीसदी के अंदर आवास बना दिए गये हैं. मिली जानकारी के अनुसार 1.50 लाख से कम आवास निर्माण का काम चालू स्थिति में हैं, लिंटल, प्लींथ लेबल तक  काम चल रहा है. करीब 93 फीसदी आवास लिंटल लेबल में हैं. ग्रामीण विकास विभाग ने इसकी समीक्षा भी की है और अधिकारियों को अविलंब इसका काम पूरा करने को कहा है. वित्त वर्ष 2024-25 में स्वीकृत आवास को भी पूरा कराने का निर्देश दिया गया है. आवास निर्माण के लिए चार किस्तों  में दो लाख रुपये की राशि दे रहा है. दो वित्तीय वर्ष में करीब 650000 आवास स्वीकृत किए गये हैं. लाभुकों के लिए समय पर घर नहीं बनने से उनका गृह प्रवेश नहीं हो पा रहा है. हालांकि,अधिकारियों का कहना है कि बालू की समस्या भी देरी का कारण है.

ऐसा घर बनाया जा रहा है

अबुआ आवास योजना से 31 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में आवास बनाया जा रहा है. इसमें रसोई-बरामदा सहित तीन कमरों का आवास निर्माण कराया जा रहा है. इसके लिए पहली किस्त में लाभुकों को 30 हजार रुपये, दूसरी किस्त में 50 हजार, तीसरी किस्त में एक लाख रुपये व चौथी किस्त में 20,000 रुपये दिए जा रहे हैं.

 

Related Articles

Back to top button