JamshedpurJharkhand

गोविंदपुर में तीन दिनों से गायब महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या, दुष्कर्म की आशंका, पुलिस ने पति को लिया हिरासत मे

Jamshedpur : गोविन्दपुर थाना क्षेत्र के घोड़ाबांधा स्थित राजा बस्ती से बीते तीन दिनों से गायब 38 वर्षीय
सरस्वती कर्मकार का शव बुधवार को उसके घर से कुछ दूरी पर जंगल में बरामद किया गया. शव की हालत देख महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या की बात कही जा रही है.वहीं उसके साथ दुष्कर्म की भी आशंका भी जताई जा रही है. हालांकि फिलहाल पूरा मामला पुलिस जांच का विषय बना हुआ है. पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है. खासकर महिला के साथ दुष्कर्म हुआ है कि नहीं इसके खुलासे के लिए पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर पिछले तीन दिनों से महिला का शव पड़ा हुआ था. इसकी जानकारी लोगों को तब मिली जब बुधवार को आसपास काफी बदबू फैलने लगी. स्थानीय लोगों ने जब घटनास्थल पर जाकर देखा तो वह महिला का शव पड़ा हुआ था. इसकी सूचना गोविंदपुर पुलिस को दी गई. गोविंदपुर पुलिस के अलावा सीसीआर डीएसपी अनिमेष गुप्ता मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की. उसके बाद शव को जंगल से बाहर निकाला गया. मृतका के पति शंकर कर्मकार से महिला की पहचान करायी गई. उसने उसकी पहचान अपनी पत्नी के शव के रूप में की. तब तक मौके बस्तीवासी भी जुट गये. उन्होंने पुलिस से महिला के हत्यारे की गिरफ्तारी मांग की.पुलिस इस मामले में मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. इसकी वजह महिला के तीन दिनों से गायब रहने के बावजूद इसकी जानकारी पुलिस को नहीं देना है. वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एमजीएम अस्पताल के शीतगृह में रखवा दिया है. आगे मामले की जांच की जा रही है.

Related Articles

Back to top button