
Katihar: जिले के कटिहार रेल मंडल में ट्रेन में सफर कर रही एक महिला को गुरुवार को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. नतीजा यह हुआ कि महिला ने ट्रेन में ही एक बच्ची को जन्म दिया. वहीं ट्रेन में डिलिवरी की खबर मिलने के बाद रेलवे अधिकारियों ने प्रसुता को हर संभव सहायता उपलब्ध कराया. साथ ही मिठाई बांटकर रेलकर्मियों ने अपनी खुशी का इजहार किया.
जानकारी के अनुसार अगरतला से कोलकत्ता जा रही 13174 कंचनजंघा एक्सप्रेस ट्रेन में वह महिला जलपाईगुड़ी से सफर कर रही थी. इसी दौरान ट्रेन जब किशनगंज से दालकोला के बीच गुजर रही थी तो महिला को प्रसव पीड़ा होनी शुरू हो गई. जिसके बाद महिला ने ट्रेन में ही महिला ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया. इसकी खबर कटिहार रेल मंडल को भी दे दी गई. ट्रेन जैसे ही कटिहार जंक्शन पहुंची. रेलवे की तरफ से प्रसुता को जरुरी चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध करा दी गई.
खुद मंडल के डीआरएम भी बच्ची को देखने के लिए वहां पहुंचे. डीआरएम ने परिजनों से मिलकर रेलवे द्वारा उपलब्ध करवाए गए सुविधा के साथ-साथ जच्चा-बच्चा का फल,जूस और पानी देकर अभिनंदन किया, रेलवे द्वारा इस व्यवस्था पर परिजन बेहद खुशी जताया. डीआरएम ने कहा हमारी रेलवे में एक बच्ची की सकुशल डिलिवरी हुई है, यह बेहद ही खुशी की बात है. उन्होंने कहा रेलवे ऐसी स्थितियों के लिए हमेशा तैयार रहती है.




