Garhwa

गढ़वा में लोकसभा चुनाव में पहली बार वोट डालेंगे 30142 नए वोटर, चेकिंग के दौरान अबतक 11 लाख कैश जब्त

Garhwa: गढ़वा में इस लोकसभा चुनाव में 30142 ऐसे नये वोटर हैं जो पहली बार वोट डालेंगे.  इसके साथ ही गढ़वा जिला प्रशासन की नजर जिले के 1041022 वोटरों पर है. उसकी कोशिश है कि 80% से अधिक वोटर इस बार वोट डालने 13 मई को निकलें.  चुनावी तैयारियों के संबंध में रविवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी शेखर जमुआर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में 16 मार्च 2024 को भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा लागू आदर्श आचार संहिता के पश्चात गढ़वा जिले में अब तक की गयी कार्रवाई एवं पलामू (13) लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के लिए निर्धारित संपूर्ण निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी साझा की. बताया कि पलामू लोकसभा क्षेत्र में 4th फेज में चुनाव होना है. इसके लिए 18 अप्रैल 2024 को अधिसूचना की तिथि है, 25 अप्रैल 2024 नाम निर्देशन करने की अंतिम तिथि है, 26 अप्रैल को नाम निर्देशनों की संवीक्षा की तिथि है. 29 अप्रैल को अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि तय है. 13 मई को मतदान होगा. 4 जून को मतगणना होगी.बताया कि डिस्पैच सेंटर के रूप में गढ़वा एवं भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए श्री सद्गुरु जगजीत सिंह नामधारी महाविद्यालय गढ़वा जबकि डाल्टनगंज एवं विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र हेतु गणेश लाल अग्रवाल महाविद्यालय डाल्टनगंज को तैयार किया गया है. सभी के लिए रिसीविंग सेंटर कृषि उत्पादन बाजार समिति पलामू को बताया गया. गढ़वा में 1041022 वोटर हैं जबकि प्रथम बार मतदान करने वाले नए मतदाताओं (30142) में गढ़वा में 14790 एवं भवनाथपुर में 15352 हैं. प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा महिला मतदान केंद्र, PWD मैनेज्ड बूथ, यूनिक मतदान केंद्र के संबंध में भी विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई.

8 फ्लाइंग स्क्वायड टीम और 8 स्टेटिक सर्विलांस टीम एवं वीडियो सर्विलांस टीम एक्टिव

कंपोजिट कंट्रोल रूम के बारे में डीसी ने बताया कि यह 24/7 कार्यरत है. भारत निर्वाचन आयोग के सभी गाइडलाइंस का अनुपालन करते हुए निर्वाचन से जुड़े सभी कार्यों को किया जा रहा है. एमसीसी के शतप्रतिशत अनुपालन हेतु वर्तमान में 8 फ्लाइंग स्क्वायड टीम, 8 स्टेटिक सर्विलांस टीम एवं वीडियो सर्विलांस टीम, वीडियो भिविंग टीम के माध्यम से असामाजिक तत्वों, अवैध शराब समेत अन्य गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है. लोकसभा निर्वाचन 2024 के निमित्त कार्मिक कोषांग, गढ़वा के द्वारा रिजर्व सहित कुल 1148 पीठासीन पदाधिकारी तथा 1148 P1, P2 & P3 को नियुक्त कर उनका ऑनलाईन डेटाबेस तैयार करते हुए उन्हें नियुक्ति पत्र दे दिया गया है. ऐसे सभी नियुक्त मतदान कर्मियों एवं सेक्टर ऑफिसर्स का प्रशिक्षण भी एक राउंड हो चुका है. स्वीप कार्यक्रम के तहत् स्वीप कोषांग, गढ़वा द्वारा लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के निमित्त सतत् रूप से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है. जिले में अवस्थित महाविद्यालयों एवं अन्य उच्च शैक्षणिक संस्थानों में कुल 12 ELC Young Voter के माध्यम से तथा कार्यालयों, बैंकों आदि में कुल 48 VAF (Voter Awareness Forum) का गठन कर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है.

80 फीसदी वोटिंग कराने का टार्गेट

जिले में निर्वाचन के दौरान उपयोग में लाए जाने वाले वाहनों का आकलन वाहन कोषांग, गढ़वा के द्वारा कर लिया गया है. इसके तहत जिले में कुल 535 छोटे-बड़े वाहनों की आवश्यकता है. इसके विरूद्ध गढ़वा जिले में 426 वाहन उपलब्ध हैं. शेष 109 छोटे-बडे वाहनों की कमी है. वाहन कोषांग, गढ़वा के द्वारा वाहनों की उपलब्धता से संबंधित विभिन्न अग्रेतर कार्रवाई, प्रयास जारी हैं. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-डीसी ने जिले में शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित कराने को लेकर स्वीप कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी. कहा कि अबकी बार 80 पार के नारे के तहत जिले में 80% से अधिक मतदान सुनिश्चित करना हमारा प्रयास है, उन्होंने मीडिया के माध्यम से आमजनों से अपील की कि 13 मई को सुबह 7 बजे से संध्या 5 बजे के बीच मतदान के दिन लोग अपने घरों से बाहर निकल कर, मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान अवश्य करें. मतदान केंद्रों पर मतदान के दिन की जाने वाली व्यवस्थाओं, ए एम एफ सुविधाओं एवं वालंटियर की प्रतिनियुक्ति को लेकर भी उपायुक्त ने जानकारी दिया. बताया कि एनएसएस/ एनसीसी समेत अन्य के तहत वालंटियर के रूप में मतदान के दिन मतदान केंद्रों पर इनकी प्रतिनियुक्ति की जाएगी जो 85 प्लस के वृद्धि मतदाताओं, दिव्यांग मतदाताओं समेत अन्य को मतदान केंद्रों पर मतदान दिलाने हेतु सहयोग करेंगे. ऐसे मतदाताओं के लिए वाहन, व्हील चेयर की व्यवस्था को लेकर भी उपायुक्त द्वारा जानकारी दी गयी.

अवैध शराब, हथियारों की बरामदगी

प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी दीपक कुमार पांडेय ने बताया कि 16 मार्च को आदर्श अंचार सहिता लागू होने के पश्चात विभिन्न चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान अब तक लगभग 11 लाख रुपये से अधिक के कैश जप्त किए गए हैं.  1627 लीटर देशी शराब, 35.5 लीटर विदेशी शराब एवं 140 लीटर बियर भी पकड़ा गया है. 7675 लीटर देशी शराब बनाने की सामग्री जप्त की गई है. 13 अवैध हथियार एवं 49 गोली जप्त किए गए हैं. 73 की गिरफ्तारी हुई है. एंडब्लूएस के तहत 250 एवं सीसीए के तहत 8 लोगों पर कार्रवाई की गई है. एमसीसी के तहत अब तक 3 मामले दर्ज हुए हैं. आर्म्स एक्ट के तहत 703 लाइसेंस आर्म्स जमा कराने थे, जिनमें अब कुल 71 आर्म्स जमा करना शेष है. इनमें 21 आर्म्स धारी जो वर्तमान में अन्य जिलों में पदस्थापित हैं, उन्हें संबंधित जिला में आर्म्स जमा करने हेतु संबंधित जिला के जिला अधिकारी को पत्राचार किया गया है. वहीं 50 आर्म्स धारियों का लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा की गई है. पांच इंटर स्टेट चेक पोस्ट सक्रिय हैं जिनमें दो यूपी बॉर्डर, दो छत्तीसगढ़ बॉर्डर एवं 1 बिहार बॉर्डर पर चेक नाका लगाया गया है. सभी चेक नाकों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल तैनात हैं. सक्रियता से वाहनों की चेकिंग की जा रही है. वेबकैम के माध्यम से भी जिला में रहकर हर गतिविधि पर 24/7 पैनी नजर रखी जा रही है. 24 स्टेटिक सर्विलांस टीम एवं 18 थानों के माध्यम से भी रेंडम स्थान पर चेक पोस्ट लगाकर रोजाना चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. सीआरपीएफ एवं जैप टीम के माध्यम से जिले में भयमुक्त महौल में मतदान सुनिश्चित कराया जाएगा. उन्होंने अपील करते कहा कि मतदाता भयमुक्त महौल में नैतिक मतदान करें. प्रेस कॉन्फ्रेंस में उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे.

 

Related Articles

Back to top button