
Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत आनंदपुर में गांव में घर के बाहर टहल रहे 27 वर्षीय भीम सोरेन की बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई. परिजनों को घटना की जानकारी सोमवार की सुबह तब मिली जब उन्होंने भीम को घर के बाहर पड़ा हुआ पाया. इससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई. भीम की अभी शादी नहीं हुई थी.
दूसरे दिन मिली घटना की जानकारी
जानकारी के मुताबिक बीती रात वह घर के बाहर टलने निकला था. उसके घर के पास ही 220 वोल्ट का अर्थिंग तार टूटकर गिरा हुआ था. भीम इससे अनजान था. टहलने के दौरान वह अचानक तार की चपेट में आ गया. इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद आदित्यपुर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आगे मामले की जांच की जा रही है.
परिजनों ने की मुआवजे की मांग
घटना को लेकर भीम के परिजनों और ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ रोष का माहौल है. उनका कहना था कि गांव में बिजली के पोल और तार जर्जर हालत में है. इस ओर ध्यान दिलाने पर भी बिजली विभाग की ओर से सुधार की दिशा में कोई पहल नहीं की जाती है. उन्होंने बिजली विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है. परिजन घटना के बात थाने पर भी पहुंचे हुए थे.
इसे भी पढ़ें- जुगसलाई लूट : मुखबिरों के माध्यम से बदमाशों की टोह ले रही है पुलिस टीम




