
Khunti: जिले के तोरपा प्रखंड अंतर्गत गुटुहातू गांव में ग्रामसभा के लोगों ने सामुदायिक अर्थदान व श्रमदान से बोरीबांध का निर्माण किया. गांव के कालेट नाला पर जहां ग्रामीणों ने बोरीबांध बनाया है, वहां पिछले वर्ष जिला प्रशासन ने ग्रामीणों की मांग पर सोलर एरिगेशन सिस्टम का अधिष्ठापन किया था. इस गांव के लोग हर वर्ष 10 से 15 बोरीबांध का निर्माण कर जल संचयन करते हैं और यह उनके लिए सिंचाई का एक सशक्त माध्यम है. बोरीबांध बनाने की शुरूआत इस वर्ष शुक्रवार को ग्रामसभा के लोगों ने किया.
इसे भी पढ़ें: खूंटी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पंचघाघ में पंचायत व गांव के द्वारा किए गए कार्य अनुकरणीय: डीसी
गांव के हेरमन गुडिया ने बताया कि उनका गांव नदी नालों से घिरा है, लेकिन इसके पानी को रोकने का कोई उपाय उनके पास नहीं था. तब वे जनशक्ति से जलशक्ति अभियान से जुड़कर हर वर्ष काफी कम लागत में बोरीबांध का निर्माण करने लगे, जिसके बाद से उन्हें सिंचाई के लिए पानी की कमी नहीं होती और गांव के कई किसान हर वर्ष सब्जी की खेती करते हैं. उन्होंने बताया कि पिछले 15 दिनों पूर्व भी ग्रामसभा द्वारा एक बोरीबांध बनाया गया था तथा अभी और लगभग एक दर्जन बोरीबांध बनाए जाएंगे.

शुक्रवार को बोरीबांध निर्माण में श्रमदान करने वालों में हेरमन गुड़िया, मरकुस गुड़िया, मसीहदास गुड़िया, अल्फ्रेड गुड़िया, थियोडर गुड़िया, सनिका गुड़िया, मांगू गुड़िया, अरमान गुड़िया, कोमला गुड़िया, अलिशा गुड़िया, इसहाक गुड़िया, हीरामनी गुड़िया समेत गांव के अन्य ग्रामीण शामिल थे.




