
Ranchi: खलारी थाना क्षेत्र के राय मुस्लिम मोहल्ला में एटीएस टीम के साथ ग्रामीणों ने मारपीट की और उनके हथियार भी छीन लिए. दरअसल हथियार बरामदगी मामले में रविवार की शाम सादे लिबास में दो महिला पुलिसकर्मी सहित एटीएस की 10 सदस्यीय टीम खलारी थाना क्षेत्र स्थित राय पहुंची. वहां पर टीम के सदस्य संदिग्ध गतिविधियों में शामिल महबूब आलम उर्फ नेपाली के घर गये. उसकी पत्नी नूरजहां की मौजूदगी में घर की तलाशी शुरू की.इसी बीच बड़ी तादाद में लोग वहां जुट गए. नूरजहां की पत्नी ने आरोप लगाया कि उसके साथ छेड़खानी और मारपीट की गई. तलाशी के दौरान घर को अस्त-व्यस्त कर उसके शादी के गहने ले लिये. एटीएस की टीम शाम छह बजे घर पहुंच गयी थी. वह घर में अकेली थी.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली अमन श्रीवास्तव की मौसी के यहां से लेवी के 30 लाख रुपये की बरामदगी हुई है. अमन श्रीवास्तव के डोरंडा किलबर्न कॉलोनी मैं रहने वाले चचेरे भाई प्रिंस श्रीवास्तव के यहां से एटीएस ने हथियार भी बरामद किया है.
लातेहार खलारी व चतरा में भी एटीएस को सफलता मिलने की सूचना है. डीजीपी के निर्देश पर संगठित अपराध के खिलाफ झारखंड पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते को छापेमारी की जिम्मेदारी मिली है. इसी आदेश के आलोक में झारखंड एटीएस ने श्रीवास्तव गिरोह के खिलाफ छापेमारी शुरू की है जिसमें यह सफलता हाथ लगी है.
इसे भी पढ़ें : केंद्र ने कहा, किसी को जबरन नहीं दिया जा सकता कोरोना टीका
छेड़खानी और मारपीट का लगाया आरोप
लोगों ने सादे लिबास में पहुंचे पुलिसवालों से पहले बकझक शुरू की. फिर हमला कर दिया और उनकी पिटाई कर दी. इसमें बलराम राणा और सीताराम लकड़ा नामक दो पुलिसकर्मी घायल हो गये. वहीं इनमें से एक पुलिसकर्मी की पिस्टल भी ग्रामीणों ने छीन ली. वहीं टीम को बंधक बना लिया. एटीएस टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर नीरज कुमार कर रहे थे. एटीएस की टीम जिस अपराधी को पकड़ने खलारी गई थी वह मौके का फायदा उठाकर भाग गया था. इधर, पुलिस वालों का कहना था कि महबूब आलम की गतिविधि संदिग्ध है. यह पीएलएफआइ और अमन श्रीवास्तव गैंग से जुड़ा है. जबकि उसकी पत्नी का कहना है कि उसका पति रांची में किसी आइटीआइ इंस्टीट्यूट का एडमिशन इंचार्ज है.
पुलिसवालों के साथ हुई घटना की सूचना पर खलारी डीएसपी अनिमेष नैथानी तीन थानों का पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे. उन्होंने बंधक बनाये गये दस एटीएस कर्मियों को मुक्त कराया. इसके बाद एटीएस टीम को खलारी थाना लाया गया. वहीं घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल ले जाया गया.
इसे भी पढ़ें : वर्ल्ड बैंक ने स्कूल बंद करने पर जताया एतराज, कहा- स्कूल खुलने और कोरोना फैलने के बीच कोई संबंध नहीं
मोरहाबादी से 30 लाख बरामद
एटीएस की टीम ने रविवार की रात लालपुर थाना क्षेत्र के मोरहाबादी इलाके में स्थित एक फ्लैट से संगठित आपराधिक गिरोह के 30 लाख रुपया बरामद किया है. बताया जा रहा है कि यह रुपया अमन श्रीवास्तव गिरोह के हैं, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है. बताया जा रहा हैं कि जिस व्यक्ति के घर से रुपये बरामद हुए हैं, उसके निशानदेही पर रविवार की रात एटीएस की टीम खलारी पहुंची थी. जहां पर एटीएस की टीम के साथ मारपीट की गई. इसके अलावा जो सूचना मिल रही है कि एटीएस की टीम बेंगलुरु भी गई है.जहां से कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
एटीएस टीम पर हुए हमले की होगी जांच
ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बताया कि एटीएस की टीम पर हुए हमले की जांच की जाएगी और जो भी इस मामले में दोषी होंगे उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बताया कि अब तक जो जानकारी मिली है उसमें यह बात सामने आई है कि एटीएस की टीम सादे लिबास में थी जिसकी वजह से ग्रामीण पहचान नहीं पाए. हालांकि खलारी डीएसपी अनिमेष नैथानी इस मामले की जांच कर रहे हैं और जो भी दोषी होंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी.




