
Ranchi : राजधानी की सड़कों को चौड़ी और क्लियर बनाने को लेकर रांची नगर निगम रेस हो गया है. ट्रैफिक डिपार्टमेंट के साथ मिलकर इसपर काम भी तेज कर दिया गया है. जिससे कि लोगों को ड्राइविंग के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े. इस कड़ी में अब सड़कों और चौक चौराहों से डिस्टर्ब करने वाली चीजें गायब हो जाएगी. जिसमें ट्रैफिक लाइट्स, ट्रैफिक पोस्ट, कैमरा और होर्डिंग्स शामिल है. इसे लेकर संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया है कि जल्द से जल्द ट्रैफिक विभाग के साथ को-आर्डिनेट करते हुए इसे सुनिश्चित कराए. इसके साथ ही चौक-चौराहों का ब्यूटीफिकेशन भी कराया जाएगा. जिससे कि शहर की बेहतर छवि भी बनेगी.
लेफ्ट लेन फ्री से हटेगा जाम
लेफ्ट लेन को फ्री करने का काम शहर में तेजी से चल रहा है. ऐसे में जगह की कमी से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं कुछ जगहों पर तो हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है. डिस्टर्बिंग एलीमेंट्स के हट जाने से जगह मिलेगी. वहीं गाड़ियों का आवागमन सामान्य रहेगा. साथ ही लेफ्ट लेन फ्री रहने से बाए जाने वालों को इंतजार नहीं करना होगा.
अतिक्रमणकारियों पर चलेगा डंडा
चौक-चौराहों को खाली कराने के लिए इंफोर्समेंट टीम को भी निर्देश दिया गया है. जिसमें कहा गया है कि राजधानी में चौक-चौराहों के आसपास जिन लोगों ने कब्जा जमा रखा है उनपर कार्रवाई करे. वहीं जरूरत पड़ने पर उनका सामान भी जब्त कर लिया जाएगा. एक्ट के अनुसार उनपर फाइन भी लगाने का प्रावधान है. ऐसे में लोगों को खुद से अतिक्रमण हटाने की अपील की गई है. इसके बाद नगर निगम का डंडा चलेगा.




