
Ranchi : अमेरिका की महावाणिज्यदूत मेलिंडा पावेक 25 अगस्त को एक्सएलआरआई जमशेदपुर आएंगी. इस दौरान पावेक एक्सएलआरआई के ई-सेल के विद्यार्थियों को सप्लाई चेन मैनेजमेंट की चुनौतियों के साथ इस क्षेत्र में क्या कुछ संभावनाएं हैं, इसकी जानकारी देंगी. इसको लेकर XLRI प्रबंधन की ओर से तैयारी शुरू कर दी गयी है. जानकारी के मुताबिक जनजातीय समुदाय को उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में सरकार काम कर रही है. साथ ही कई संगठन और संस्था इस पर काम कर रही है. इसी कड़ी में XLRI Jamshedpur की ओर से भी एक पहल की जा रही है.
अमेरिकी महावाणिज्यदूत मेलिंडा पावेक यूएस में उच्च अध्ययन के लिए विभिन्न प्रकार की नि:शुल्क कार्यशालाएं, पाठ्यक्रम, शैक्षिक मार्गदर्शन, एसटीईएम, शिक्षा, उद्यमिता से जुड़ी जानकारी देंगी. इससे एक्सएलआरआई के विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा. वहीं कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं.
कई दूतावासों में विभिन्न पदों पर काम कर चुकी हैं पावेक
बता दें कि अमेरिका की महावाणिज्य दूत मेलिंडा पावेक ने अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास कोलकाता में 12 अगस्त 2021 से अपने कार्य की शुरुआत की थी. इससे पूर्व वह टोक्यो दूतावास में विज्ञान, नवाचार और विकास के मामले में काउंसलर के पद पर कार्य कर चुकी हैं. पावेक पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित यूएस दूतावास में सुपरवाइजर जनरल सर्विस ऑफिसर के पद पर कार्य कर चुकी हैं. मेलिंडा पावेक का लंबा कार्य अनुभव है. पावेक जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी में सप्लाई चेन सीनियर अनालिस्ट के पर पर भी कार्य कर चुकी हैं.




