
Palamu: सूखे का सामाना कर रहे पलामू के किसान वज्रपात की घटनाओं से भयभीत हैं. औसत से कम बारिश होने के बावजूद कम भूभाग पर किसी तरह भदई और खरीफ फसल तैयार की है. जानवरों के समक्ष चारे का संकट होने पर उन्हें आस-पास के क्षेत्र में चरा रहे हैं और असमय वज्रपात की घटनाओं के शिकार हो जा रहे हैं. पलामू जिले में रविवार की दोपहर कुछ इसी तरह की घटना हुई.
जिले के हैदरनगर प्रखंड के काजीनगर में हल्की बारिश के दौरान तेज वज्रपात होने से दो महिलाओं की मौत हो गयी, जबकि एक महिला सहित तीन लोग गंभीर हो गए. सभी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है.
इसे भी पढ़ेंः #MobLynching धनबाद में फिर हिंसक हुई भीड़ : पीट-पीट कर अर्द्ध विक्षिप्त बुजुर्ग को मार डाला
मवेशियों को चराते समय हुई घटना
हैदरनगर मुख्यालय से सटे काजीनगर में आधा दर्जन लोग अपने मवेशियों को लेकर चरा रहे थे. आसमान साफ था. हल्की बारिश हो रही थी. इसी बीच तेज वज्रपात हुआ. जिससे दो महिलाओं की मौके पर मौत हो गयी, जबकि एक महिला और दो युवक वज्रपात से बुरी तरह झुलस गए.
वज्रपात की घटना में बाल-बाल बचे ग्रामीणों ने महिलाओं और युवकों को किसी तरह इलाज के लिए हैदरनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया, जहां डा. अशोक कुमार ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य का इलाज किया. डा. अशोक ने बताया कि एक युवक की स्थिति चिंताजनक है.
इसे भी पढ़ेंः #NewTrafficRule पर खुल कर बोल रहे हैं- पढ़ें लोग क्या कह रहे हैं (हर घंटे जानें नये लोगों के विचार)
मृतक और घायलों में कौन-कौन?
वज्रपात से काजीनगर निवासी लक्ष्मण राम की 47 वर्षीया पत्नी शिव कुमारी देवी, मोहन राम की 40 वर्षीया पत्नी मुनिया देवी की मौत हो गयी है. जबकि इसी गांव की प्रभावती देवी (30 वर्ष), दीपक कुमार (22वर्ष) और रोहित कुमार (24वर्ष) जख्मी हैं. घायलों ने बताया कि मौसम साफ था.
हल्की बारिश हो रही थी. ऐसे में सारे लोग अपने मवेशियों को लेकर चरा रहे थे. अचानक वज्रपात हुआ और उन्हें छुपने तक का मौका नहीं मिला. वज्रपात की ऐसी घटना उन्होंने कभी नहीं देखी. अक्सर तेज बारिश होने के बाद वज्रपात की घटनाएं होती है, लेकिन उनके गांव में ऐसा कुछ नहीं हुआ.
इसे भी पढ़ेंः गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, नॉर्थ ईस्ट के विशेष प्रावधान अनुच्छेद 371 में बदलाव नहीं होगा




