
Sahibganj: मामला रांगा थाना क्षेत्र के केंदुआ बिसनपुर गांगू टोला का है. जहां बीते 22 मई को चार लोगों ने एक महिला के साथ दुष्कर्म किया था. जिसके बाद महिला की हत्या भेद खुलने के डर से आरोपितों ने कर दी थी.
इस मामले को लेकर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी. घटना में शामिल चार आरोपियों में से दो आरोपीयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
मामले को लेकर बरहरवा एसडीपीओ प्रमोद मिश्रा ने प्रेस वार्ता कर बताया कि लड़की की हत्या अवैध संबंध के चलते हुई है. बताया जा रहा है कि महिला का पति अपने गांव से बाहर कामकाज के लिए किसी शहर में रहता है. इस परिस्थिति में घटना में शामिल चार में से एक युवक के साथ मृतका का संबंध था. घटना के दिन बीते 22 मई को मृतका किसी समारोह में शामिल होने गयी थी. जहां महिला के साथ उसके प्रेमी सहित अन्य 3 आरोपियों ने मिलकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था.
दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिए जाने के बाद महिला ने घटना की जानकारी लोगों को देने की बात कही थी. जिसके बाद आवेश में चारों दुष्कर्मियों ने मिलकर गला दबाकर महिला की हत्या कर दी थी. पुलिस पूरे मामले को लेकर लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस ने अन्य दो आरोपियों के गिरफ्तारी भी जल्द होने की बात कही है.




