JharkhandLead NewsRanchi

गैर प्रशासनिक से आइएएस के लिए दो नामों को नहीं मिली केंद्र से हरी झंडी, पांच की सूची भेजी गयी थी

Ranchi : गैर प्रशासनिक सेवा (नॉन एसीएस) से आइएसस बनने का सपना देख रहे पांच अफसरों को केंद्र से अब तक हरी झंडी नहीं मिली है. राज्य सरकार ने 2022 में ही गैर प्रशासनिक सेवा से पांच अधिकारियों के नाम का चयन कर आइएएस बनाने के लिए केंद्र को भेजा था. इनमें दो अधिकारियों को आइएएस की सेवा दी जानी थी, लेकिन अभी तक भारत सरकार से दो अधिकारियों के नामों पर सहमति नहीं मिली है. कार्मिक विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रमोशन 31 दिसंबर 2022 तक मिल जाना था ताकि उनका नोटिफिकेशन किया जा सके. लेकिन इस तिथि तक किसी भी अधिकारी का नाम फाइनल नहीं हो सका. जनवरी के भी पहले सप्ताह तक भी केंद्र के निर्णय का इंतजार किया गया है लेकिन अभी तक अधिसूचना जारी नहीं हुई है. ऐसे में इन अधिकारियों का आइएएस बनने का रास्ता क्लीयर नहीं हो पा रहा है. नियमत: गैर प्रशासनिक सेवा से आइएएस बनने के लिए जो सूची तय करके केंद्र को भेजी जाती है उसे उसी वर्ष क्लीयर करके आइएएस के पद पर अधिकारियों की नियुक्ति होती है. दूसरे वर्ष हो जाने पर नयी सूची बना कर भेजनी पड़ती है. ऐसे में अब 2023 हो जाने के कारण राज्य सरकार को नयी सूची बनानी होगी, इसके बाद केंद्र विचार करेगा. बता दें कि गैर प्रशासनिक सेवा में इंजीनियर, डॉक्टर इत्यादि आते हैं जो झारखंड प्रशासनिक सेवा से अलग सेवा के होते हैं.

इसे भी पढ़ें – रांची में बेलगाम हो गए हैं वर्दीवाले, डंडे से हांक रहे कानून

Related Articles

Back to top button