Giridih

Giridih: सीएम हेमंत सोरेन के आगमन की जोरदार तैयारी में जुटा प्रशासन, 30 लाख की लागत से सज रहा परिसदन और सदर अस्पताल

Giridih: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खतियान जोहार यात्रा को लेकर 17 जनवरी को गिरिडीह पहुंच रहे हैं. सीएम के आगमन को लेकर जिला प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारी में जुटा हुआ है. निर्धारित कार्यक्रम के तहत 17 जनवरी की शाम सीएम हेमंत सोरेन सड़क मार्ग से गिरिडीह पहुंचेंगे. सीएम के साथ मुख्य सचिव सुखदेव सिंह समेत कई अन्य वरीय अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. गिरिडीह परिसदन में रात्रि प्रवास के बाद अगले दिन 18 जनवरी को झंडा मैदान में जेएमएम और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जोहार खतियान यात्रा के तहत संबोधित करेंगे. दौरे के क्रम में मुख्यमंत्री के सदर अस्पताल का निरीक्षण करने की चर्चा भी जोरों पर है. 18 जनवरी को ही सीएम हेमंत सोरेन नगर भवन में गिरिडीह और कोडरमा के डीसी समेत सभी विभागों के जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की भी समीक्षा करेंगे.

इसे भी पढ़ें: रांची में बेलगाम हो गए हैं वर्दीवाले, डंडे से हांक रहे कानून

विभागीय बैठक के जरिए डीसी कर रहे हैं तैयारी

डीसी नमन प्रियेश लकड़ा सीएम की होने वाली प्रस्तावित समीक्षा बैठक को लेकर प्रत्येक विभाग के अधिकारी के साथ बैठक कर रहे हैं. शनिवार को ही मकर संक्रान्ति की छुट्टी होने के बावजूद डीसी ने कई बैठकें की और अधिकारियों से हर रिपोर्ट को लेकर अपडेट रहने को कहा है. सीएम के आगमन के मद्देनजर 30 लाख की लागत से सदर अस्पताल और नए परिसदन भवन को सजाया और संवारा जा रहा है. एनडीसी सुदेश कुमार स्वंय इन तमाम तैयारियों पर नजर रख रहे हैं. वहीं भवन प्रमंडल के अधिकारी भी परिसदन भवन में नए पर्दे लगाने के साथ-साथ नए सोफ़ा सेट और पुराने टाइल्स को उखाड़ कर नया लगवाने की कोशिशों में जुटे हैं. इतना ही नहीं कमरे में लगे पुराने लाइट के झूमर को हटाकर नए झूमर तक लगाए जा रहे है. सीएम के दो दिनों के कार्यक्रम को देखते हुए नए परिसदन भवन को दुलहन की तरह सजाया जा रहा है.

Related Articles

Back to top button