JharkhandLead NewsOFFBEATOpinionRanchi

प्रयास तौलने का

Prashant Karan

Ranchi : तौलना आमतौर पर एक व्यापारिक प्राचीन कला है, विधान है, परम्परा है, खरीदने-बेचने की एक आवश्यक प्रक्रिया है. पर अब यह व्यापक विस्तार को प्राप्त हो चुका है. व्यापार के बाद प्रबंधन और फिर कला के रूप में इसका उत्तरोत्तर विकास कई सयानों ने समय-समय पर किया है, इतिहास साक्षी है.

पिछले कुछ दशकों से विधानसभा से लेकर संसद तक में यह सुनने का सुखद अनुभव हम भारतवासियों को हुआ. सदस्य सरकार बचाने के लिए खरीदे जाने की बात आजतक सुनने को मिलती है. कांग्रेस की अल्पमत नरसिम्हा राव जी की सरकार में इसी कला और प्रबंधन के साथ तौलने के सिद्धांत पर सरकार बचा ली गयी थी. इसी विधा से कुछ साधक चुनाव के पहले से इससे संबंधित व्यापार में लग जाते हैं. इधर सभा में किसी दल को सरकार बनाने में सदस्यों का टोटा पड़ा, उधर इसका जुगाड़ू व्यापारी सक्रिय. पर हमें अब ऐसे समाचार संवेदित ही नहीं करते. हमें इसके सुनते रहने का अभ्यास जो हो चला है. इस क्रिया में कई सयानों का अनुभव बैगन अथवा मेंढकों को तौलने के प्रयास का भी रहा. बिके सदस्य आज दाम पर इधर. कोई अगला ज्यादा दाम लगा कर रातों रात उन्हें उधर कर देता है.

तौलना एक कला है. सिद्धहस्त बेचते समय कम तौलने और खरीदते समय ज्यादा तौलने में माहिर होते हैं. सुना है कि उनके तराजू और बटखरे भी अलग प्रकार के होते हैं. आपकी दृष्टि बचाकर चतुराई से यह कार्य वर्षों सम्पादित किया जाता रहा. तकनीकी विकास ने इस पारंपरिक कला पर कुठाराघात कर डाला है. अब इलेक्ट्रॉनिक तराजू जो आ गए हैं. इसकी भरपाई कुछ सयाने मिलावट कर करते रहते हैं.

मिलावट की बात से एक प्रसंग याद आया. भैया जी के चुनाव जीतने पर उनका नागरिक अभिनन्दन करने का फैसला उन्हीं के द्वारा लिया गया. कहा गया कि जनता उन्हें सम्मानित करना चाहती है. पर उनके पीए साहब ने एक बार नशे में सच उगल ही दिया. यह विचार स्वयं भैया जी का था और वे इसका सारा खर्च चुपके से भैया जी ने ही किया. उनके भार के बराबर चांदी के सिक्कों से उन्हें तौला भी जाना था. पीए साहब अपने भतीजे के द्वारा यह काम करवा रहे थे. भतीजे को भैया जी की पार्टी के झंडे के रंग का दुपट्टा कंधे पर रख दिया गया ताकि वह कार्यकर्ता लगे. नागरिक अभिनन्दन कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न के बाद जब उन चांदी के सिक्कों की जांच भैया जी ने करवाई तो वे सारे नकली निकले. रांगे के सिक्के पर चांदी की पॉलिस पायी गयी. भैया जी ने असली चांदी के भाव से एक क्विनटल पंद्रह किलो  का मूल्य नगद पीए साहब के साले को दिया था. हंगामा मच गया. भैया जी ने पीए साहब को बुलाकर कहा-वोटर से लेकर देश-राज्य तक मैं सबको चूना लगता रहता हूं और आज तुमने हमको चूना लगा दिया. पीए साहब निकाल बाहर किये गए. उन्होंने अपनी पारखी दृष्टि से भैया जी को तौल लिया था.

हां तो बात तौलने की हो रही थी. कुछ लोग अपने अनुभव से अपने पास आने वाले को तौल लेते हैं. कोई चंदा मांगने सेठ जी के पास जाता है तो सेठ भी उसे देखकर तौल लेते हैं कि चंदा मांगने वाला बिना चंदा लिए जाएगा या कुछ लेकर ही. लेकर जाने वालों को तौलकर देख लेते हैं कि टुटपुंजिया चंदे में टलेगा या भारी भरकम चन्दा लेकर जाएगा. वहीं चन्दा लेने वाला भी चंदा देने वाले को तौलता है कि सेठ चन्दा देगा कि टरका देगा. देगा भी तो सस्ते में निबटा देगा अथवा इनसे मोटा माल लिया जा सकता है. दोनों ही अपने – अपने कर्तव्य निभाते हैं. इस तौल में एक आवश्यक प्रक्रिया पैंतरेबाजी की होती है. जिसकी यह पैंतरेबाजी ज्यादा निकली वह पर्याप्त चंदा लेने में सफल हो जाता है.

वर्षों पहले हमने तुले-अनतुले की कहावत भी सुनी थी. उन दिनों अनतुले जी कांग्रेस सरकार में रक्षा मंत्री थे और विपक्षियों ने हथियार सौदे में बड़े घोटाले का बड़ा हल्ला मचाया था. इसी तरह सभी धान बाइस पसेरी की भी कहावत चली आ रही है. इस चक्कर में मध्यप्रदेश में सिंधिया जी कांग्रेस से अलग हो गए. हमारी नौकरशाही में तौलने-तुलवाने की गौरवशाली परम्परा रही है. कभी-कभी मौके पर खुर्राट अधिकारी भी टुच्चे नेताओं द्वारा तौल दिए जाते हैं. उनकी सस्ती कीमत का उन्हें तब जाकर पता चलता है. कुछ सयाने कहते हैं कि हमारे देश में सबसे सस्ती कीमत पर नेता तौल दिए जाते हैं. कुछ खुर्राट पेशेवर विरोधी यह भी कहते नहीं हिचकते कि तौले हुए नेता देश को भी मौका मिले तो तौल दें. वहां हर कोई तुल कर बिकना चाहता है. खरीददार मौसम के मिज़ाज़ की प्रतीक्षा करते हैं. जैसे एफसीआई के गेंहू, जब सड़ने लगे तो लाल कार्डधारियों में बिकवा दी जाती है.

पढ़ने के बाद समाचारपत्र तौल कर बेचे जाते हैं. लेकिन अब कई संवाददाता से लेकर कई सम्पादक तक तौले जाने लगे. समाचार पत्र जो पहले छपते थे तब जाकर बिकते थे. सुनते हैं कि अब बिकते हैं तब छपते हैं. तोल – मोल से यह भी क्षेत्र अछूता नहीं रहा.

साहित्य में भी कइयों ने बोली लगाकर तौल कर सम्मान खरीदा. कई सस्ते में निबट लिए गए. आजकल तथाकथित मंचीय कवियों की ढेर तुलने को तैयार बैठी है. दिल्ली के सौदागरों की टोलियों में भयंकर प्रतिस्पर्धा मची है. पहले हिंदी साहित्य में एक मठाधीश हुआ करते थे. वे रंग देखकर साहित्यकारों को तौलते थे. उन्हें लाल रंग बड़ा पसन्द था. रंगीन सामानों में रंग की परत उसका वजन बढ़ा देती है. हल्का माल भी तौलने पर भारी मिलता है. मैं भी ताक में हूं, कोई मंडी मिले, भाव बढ़िया मिले तो बिकने से पहले जान तो लूं कि तौलने के बाद वजन कितना है. कोई मदद करेंगे?

नोटः लेखक सेवानिवृत्त आइपीएस हैं. ये उनके निजी विचार हैं.

इसे भी पढ़ें – सिंहभूम लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी गीता कोड़ा ने भरा नामांकन

Related Articles

Back to top button