
Ranchi: स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी का एक वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो गढ़वा जिले के रजवार गांव का है. इस वीडियो में मंत्री जी किसी से पैसा लेकर किसी को देते दिखायी दे रहे हैं.
पहली नजर में ऐसा लगता है कि जैसे मंत्री जी किसी से पैसा ले रहे हैं. लेकिन इस वीडियो पर मंत्री जी का कुछ और ही कहना है.
वीडियो को देखने के बाद न्यूज विंग ने खुद स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी से सच जानने की कोशिश की. स्वास्थ्य मंत्री ने न्यूज विंग को बताया कि किसी ने दुष्प्रचार करने के लिए ऐसा उनके साथ किया है.
इसे भी पढ़ेंःघनश्याम अग्रवाल को टाउन प्लानर बनाने के लिए नगर विकास विभाग ने नहीं की नियमों की परवाह
वीडियो पर क्या कहा स्वास्थ्य मंत्री ने
‘हम वहां उद्घाटन करने के लिए गए थे, उस गांव के लोगों ने कहा कि गांव के लिए चबुतरा बनवा दीजिए. तो मैंने लोगों से कहा कि चंदा कर लो पचास हजार रुपए में तो बन जाएगा. तो लोगों ने कहा कि तबतक उन्हें कुछ पैसा काम शुरू करने के लिए दे दीजिए. तो मैंने उसे 15 हजार रुपए दिये और कहा कि जब पचास हजार रुपए जमा हो जाएंगे तो 15 हजार मुझे वापस कर देना. बात इतनी सी है.’
‘लेकिन कोई वीडियो बनाकर दुष्प्रचार कर रहा है. इस मामले को लेकर हमने एसपी से शिकायत भी कर दी है. कुछ लोग गिरफ्तार भी हो गये हैं. वहां करीब दो हजार लोग मौजूद थे. मैं वहां अकेला नहीं था. पूरा प्रशासन वहां मौजूद था.’




