
Ranchi : नगर विकास सचिव चंद्रशेखर ने राजधानी के सुकरहुटू में निर्माणाधीन ट्रांसपोर्ट नगर का काम हर हाल में मई-जून तक पूरा करने का निर्देश जुडको के अधिकारियों को दिया है. सचिव ने हाल में इस परियोजना की समीक्षा की थी और अधिकारियों को स्पष्ट कहा था कि किसी भी हाल में इसके काम में कोताही न बरती जाये. यह राज्य का पहला ट्रांसपोर्ट नगर होगा. मिली जानकारी के अनुसार अब तक एकीकृत भवन और दो वेयर हाउस का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. तीन तलों में छोटे से लेकर बड़े वाहनों के खड़ा करने के तीन लेबल का प्लेटफार्म बनाने का काम तेजी से चल रहा है. सबसे खास बात यह है कि जो यहां पत्थर का गेवियन वाल बन रहा है, वह पूरी तरह से इको फ्रेंडली है. इसकी जोड़ाई में कहीं भी सीमेंट का इस्तेमाल नहीं किया गया है. कांके प्रखंड के सुकरहुटू में रिंग रोड के पास 112 करोड़ रुपये की लागत से ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण हो रहा है. प्रथम फेज में बड़े छोटे कुल 424 वाहनों के खड़ा करने का प्रावधान रहेगा. निमार्णाधीन लेबल एक प्लेटफार्म पर 93 एक्स्ट्रा लार्ज ( 22 मीटर लम्बा ), 11 लार्ज टेलर ( 18 मीटर ) और 27 स्माल ( 16 मीटर ) वाहनों के खड़ा करने का प्रावधान रहेगा. इसी तरह लेबल दो प्लेटफार्म पर 179 लार्ज और 50 स्माल वाहन खड़ा किये जायेंगे. लेबल तीन के प्लेटफार्म पर सिर्फ 64 स्माल वाहन खड़े होंगे.
बाहर से आनेवाले वाहनों के लिए बने वेयर हाउस
बाहर से आनेवाले वाहनों के माल को रखने के लिए दो लेबल के वेयर हाउस भी बन चुके हैं. लेबल एक वेयर हाउस 6176 वर्ग मीटर तथा वेयर हाउस दो 3900 वर्ग मीटर का बन गया है. बाहर से आनेवाले वाहनों के माल इसी वेयर हाउस में खाली कर ट्रक चालक मुक्त हो जायेंगे.
इसे भी पढ़ें – विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने अपने खिलाफ दायर चुनाव याचिका में हाईकोर्ट में दी गवाही



