
Dhanbad : राह चलती लड़कियों, युवतियों, महिलाओं से मनचलों की छींटाकशी कोई नयी बात नहीं है लेकिन धनबाद के एक स्कूल की लड़कियों के लिए छेड़खानी रुटीन का हिस्सा बन गयी है.
यह मसला उत्क्रमित उच्च विद्यालय, कुमारडीह महुदा से जुड़ा है. यह स्कूल महुदा रेलवे क्रॉसिंग से बायीं ओर जाने वाले रास्ते पर करीब साढ़े छह किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.
स्कूल में कक्षा नवीं और दसवीं की ही पढ़ाई होती है. 79 विद्यार्थी पढ़ते हैं जिनमें 46 लड़कियां ही हैं.
इस बाबत जब हाथुडीह पंचायत के मुखिया संपद घोषाल से बातचीत की गयी तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह की घटनाओं की जानकारी मिली है और वे युवकों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं.
उन्होंने बताया कि पूर्व में भी ऐसी घटना सामने आयी थी तो इसको लेकर ग्रामीणों एवं पुलिस के साथ बैठक की गयी थी जिसके बाद डेढ़ साल तक कोई घटना नहीं हुई थी.
इसे भी पढ़ें : आदिवासियों का एक बार बनेगा जाति प्रमाण पत्र, हमेशा होगा मान्य
पुलिस से की है शिकायत
वहीं, स्कूल की प्रभारी प्राचार्या रेखा साहू का कहना है कि छेड़खानी की घटनाएं लगातार दो दिन हुई हैं जिसकी शिकायत बच्चियों ने की. रेखा ने बताया कि बच्चियों की शिकायत पर उन्होंने लिखित शिकायत भाटडीह ओपी में कर दी.
उन्होंने बताया कि गुरुवार की सुबह पुलिस के दो जवान आये थे जिन्होंने पूछताछ की और शिकायत आवेदन की प्रति कुछ देर बाद देने का आश्वासन देकर चले गये.
प्राचार्या ने कहा कि बच्चियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है लेकिन बच्चियों को सुरक्षा देने में वह असहाय हैं. छेडखानी की घटना से लड़कियों के स्कूल छोडऩे की संभावना बनी हुई है.
इसे भी पढ़ें : तबरेज अंसारी की हत्या के विरोध में मुस्लिम समुदाय के युवाओं ने गिरिडीह में निकाला विरोध मार्च
पहले कसते थे फब्तियां, अब दुपट्टे पर डाल देते हैं हाथ
स्कूल से निकलने और कुमारडीह गांव समाप्त होने के बाद करीब 300 मीटर का रास्ता पूरी तरह सुनसान है. इसमें करीब 50 मीटर का रास्ता घने पेड़ों से घिरा हुआ है. पता चला कि इसी जगह पर मनचलों का जमावड़ा होता है और बुधवार एवं गुरुवार दोनों दिन छेड़खानी की घटनाएं यहीं हुई हैं.
रास्ते पर एक ताड़ पेड़ के नीचे तीन युवक मिले. पूछताछ करने पर पता चला कि उनमें दो लड़के उन दोनों लड़कियों के भाई हैं जिनके साथ घटना घटी थी. उन्होंने बताया कि वे यहां यहां अपनी बहनों का इंतजार कर रहे हैं और छेड़खानी करने वाले युवको को ढूंढ़ रहे हैं.
गांव के लोगों से बातचीत करने पर पता चला कि पहले भी स्कूल से लौटती बच्चियों पर सुनसान रास्ते में कुछ युवक फब्तियां कसते थे लेकिन दो दिन पूर्व छेड़खानी पर उतर आये.
ग्रामीणों ने बताया कि पहले दिन युवक ने एक छात्रा की साइकिल में धक्का मार कर उसे गिरा दिया और दूसरे दिन उसने दूसरी छात्रा का दुपट्टा पकड़ कर खींच दिया.
स्कूल का रिजल्ट अच्छा
बताते चलें कि इस स्कूल के 50 फीसदी से अधिक छात्र-छात्राओं ने इस बार मैट्रिक में प्रथम श्रेणी से पास किया है.
निगरानी करेगी पुलिस : ओपी प्रभारी
भाटडीह ओपी प्रभारी कामेश्वर राम ने कहा कि घटना के बाद पूछताछ के लिए गयी पुलिस को कोई कुछ बता नहीं रहा था. उन्होंने कहा, “”युवक अज्ञात है. कैसे एफआइआर कर दें, कोई कुछ बोल भी नहीं रहा है.
राम ने कहा कि अब से स्कूल की छुट्टी होने पर पुलिस जवान उस रास्ते की निगरानी करेंगे.
इसे भी पढ़ें : पलामू: चार जुलाई तक मांगें पूरी नहीं हुईं, तो पांच को पंचायत प्रतिनिधि देंगे सामूहिक इस्तीफा




