
Patna: बिहार में गुरुवार से मैट्रिक की परीक्षा शुरू हो रही है. बिहार बोर्ड इंटर की तरह मैट्रिक परीक्षा भी देश में सबसे पहले कराने का रिकॉर्ड बनाने जा रहा है. राज्य में 1525 सेंटर पर 16,48,894 स्टूडेंट्स के एग्जाम की व्यवस्था की गई है, इसमें 8,06,705 छात्राएं और 8,42,189 छात्र शामिल हैं. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने मैट्रिक एग्जाम को लेकर सिक्योरिटी की बड़ी तैयारी की है.
राज्य के 1,525 परीक्षा केन्द्रों पर दो पालियों में 17 फरवरी से 24 फरवरी तक होने वाले एग्जाम में प्रथम पाली में 4,04,207 छात्राएं एवं 4,23,081 छात्रों सहित कुल और 27,288 परीक्षार्थी जबकि द्वितीय पाली में 4,02,498 छात्राएं और 4, 19,108 छात्रों सहित कुल 8,21,606 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे. इस परीक्षा में प्रथम पाली की परीक्षा देने वाले विद्यार्थी पूरे परीक्षा के दौरान प्रथम पाली की परीक्षा में ही सम्मिलित होंगे तथा दूसरी पाली के परीक्षार्थी पूरे परीक्षा के दौरान दूसरी पाली की परीक्षा में ही शामिल होंगे.
राजधानी पटना में कुल 74 सेंटर बनाए गए हैं. पटना जिले में कुल 70,995 विद्यार्थियों के एग्जाम की तैयारी है। पटना जिला में प्रथम पाली की परीक्षा में कुल 36,295 विद्यार्थी जिसमें (18, 294 छात्राएं और 18,001 छात्र) तथा द्वितीय पाली की परीक्षा में कुल 34,700 विद्यार्थी (17,855 छात्राए और 16,845 छात्र) सम्मिलित होंगे. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के सचिव आनंद किशोर का कहना है कि विद्यार्थियों के हित में समिति द्वारा सभी विषयों में 100 % अतिरिक्त प्रश्नों का विकल्प दिया जाएगा.




