
Saraikela/Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां रोड पर वाहन चेकिंग के क्रम में एक स्कूटी सवार ने भागने के क्रम में दो पुलिसकर्मियों को जोरदार टक्कर मार दी. इस घटना में स्कूटी चला रहा सुखलाल पूर्ति (35) गंभीर रूप से घायल हो गया. ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक जवान अरविंद कुमार सुमन को भी गंभीर चोटें आयी हैं. एक अन्य जवान भी घायल हुआ है. सुखलाल पूर्ति की हालत को देखते हुए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने उसे सरायकेला सदर अस्पताल भेजा, जहां से उसकी स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया. जवानों के घायल होने की जानकारी मिलते ही ट्रैफिक प्रभारी सुषमा कुमारी भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घायल जवान अरविंद कुमार सुमन को अपने साथ बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर ले गयी. बताया जा रहा है कि स्कूटी सवार सुखलाल पूर्ति सरायकेला की ओर से मिलनचंद्रपुर स्थित अपने गांव की ओर जा रहा था. इसी दौरान खरसावां रोड पर ट्रैफिक जांच लगायी गयी थी. पुलिस कर्मियों को देख वह भागने लगा, इस क्रम में उसने 2 जवानों को टक्कर मार दी. सुखलाल ठेकेदारी में कुली का काम करता है.

परिजनों ने कहा- बाइक सवार ने मारी टक्कर
इधर जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में सुखलाल के परिजनों ने बताया कि वह सवेरे 8 बजे अपनी स्कूटी से सरायकेला बाजार जा रहा था. इसी बीच अलकतरा फैक्ट्री के समीप तेज रफ्तार से आ रहे एक बाइक सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. घटना के बाद बाइक सवार फरार होने में सफल रहा. गंभीर रूप से घायल सुखलाल को स्थानीय निवासियों ने नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
इसे भी पढ़ें – पुलिस चेकिंग से बचने के चक्कर में ट्रक की चपेट में आया युवक, लोगों की किया सड़क को जाम




