
Khunti: तोरपा-कर्रा रोड में छाता नदी से बालू लदे एक ट्रैक्टर को परिवहन करते किया गया जब्त किया गया है. ट्रेक्टर के ट्रॉली में 100 घनफुट बालू लदा पाया गया, जिसे जब्त कर तोरपा थाना को सुपुर्द कर दिया गया है. जिला खनन पदाधिकारी राम नरेश सिंह ने कहा कि अवैध खनन और परिवहन की जांच लगातार की जा रही है, जिससे बालू के अवैध उत्खनन व परिवहन पर अंकुश लगा है. उन्होंने कहा कि जांच अभियान जारी रहेगा. पकड़े जाने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
जिला खनन पदाधिकारी राम नरेश सिंह ने बताया कि जिले में केटेगरी-वन के पांच बालू घाट चिन्हित है, जिसमें दो संचालित हैं. उन्होंने कहा बालू की कमी से सरकारी और सामुदायिक योजनाएं नहीं रूकेगी.
किन कार्यों में कर सकेंगे बालू का उपयोग
बालू घाट से बालू का उपयोग निजी, गैर व्यवसायिक, सामुदायिक उद्देश्य एवं सरकार द्वारा प्रायोजित कल्याणकारी योजनाओं के लिए ही होगा एवं बालू घाटों से बालू का उठाव सिर्फ ट्रैक्टर के माध्यम से किया जाएगा. किसी भी कीमत पर मशीन का उपयोग नहीं होगा.
नहीं हो सकेगा बालू का भंडारण
जिला खनन पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बालू उठाव कर उसका भंडारण किसी अन्य स्थान पर नहीं किया जा सकता है. बालू घाटों से उठाए गए बालू रॉयल्टी टैक्स से मुक्त रहेगा एवं बालू घाटों में पहुंच पथ, प्रबंधन, पर्यवेक्षण आदि के लिए सरकार द्वारा निर्धारित संधारण राशि ग्राम पंचायत, स्थानीय शासन द्वारा लिया जाएगा, जो 100 रुपये प्रति 100 घनफुट होगा. बालू का उठाव किसी भी कीमत पर नदी में बने पुल-पुलिया के 500 से 2500 की परिधि के समीप से नहीं किया जाएगा एवं मानसून काल में बालू उठाव वर्जित रहेगा. उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर समिति कैटेगरी-वन बालू घाट पर एक नामपट या सूचना पट लगवाएगी जिसमें बालू घाट का नाम, अंचल, मौजा, खाता, प्लांट एवं रकवा लिखवाना अनिवार्य होगा.

एफसीआई पीईजी गोदाम का औचक निरीक्षण
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने गुरुवार को कर्रा प्रखंड के मधुगामा स्थित एफसीआई पीईजी गोदाम का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने गोदाम में रखे अनाज की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था तथा साफ-सफाई की समग्र स्थिति का गहन परीक्षण किया. विशेष रूप से गोदाम में स्थापित धर्मकांटा की जांच की और उसकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की. साथ ही भंडारित चावल एवं गेहूं की गुणवत्ता का परीक्षण कर भंडारण मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिया. अधिकारियों को खाद्यान्न की गुणवत्ता बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए. संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि जिला के विभिन्न प्रखंडों में स्थित जेएसएफसी गोदामों में सही मात्रा में खाद्यान्न का समुचित उठाव सुनिश्चित किया जाए.
इसके अतिरिक्त, गोदाम में उपस्थित लिफ्टिंग इंचार्ज और परिवहन–सह–हथालन अभिकर्ता को भी निर्देशित किया गया कि वे खाद्यान्न का सटीक मात्रा में सुरक्षित एवं समयबद्ध परिवहन सुनिश्चित करें. जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि खाद्यान्न की गुणवत्ता और वितरण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. प्रशासन हर स्तर पर पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए कटिबद्ध है.

तोरपा विधायक ने की जनता से सहयोग की अपील
तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया ने गुरुवार को तोरपा प्रखंड क्षेत्र के पाकरटोली, सुंदारी के पास स्थित नाला पर पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. इस नाले पर पुल निर्माण की मांग काफी पुरानी थी. इस मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुदीप गुड़िया जनता ने विकास की रेस में जनता से सहयोग मांगते हुए कहा कि तोरपा को देश का आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाया जाएगा. इस विधानसभा क्षेत्र की तमाम योजनाएं गुणवत्तायुक्त होने के साथ ससमय पूरा होगी. इससे संबंधित निर्देश उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों, अभियंताओं के साथ संवेदक को दी. विधायक ने कहा कि अब विकास कार्यों का निरीक्षण झामुमो के कार्यकर्ताओं के द्वारा की जाएगी. उन्होंने कहा कि योजनाओं में अनियमितता किसी भी कीमत पर बर्दास्त नहीं की जाएगी. दोषियों के खिलाफ कार्रवाई निश्चित रूप से होगी.
उन्होंने कहा कि सरकारी पैसा जनता की गाढ़ी कमाई है. उन्होंने कहा कि जनता ने मुझे विधायक चुना है, तो उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना मेरा नैतिक कर्त्तव्य है. उन्होंने कहा कि तोरपा विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को वे गांव-गांव घुमकर सूचीबद्ध कर रहे हैं और सारी समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा.
विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के सभी परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाएगा. कारण कि जनता मजबूत होगी, तो देश मजबूत होगा. उन्होंने कहा कि उनका पूरा प्रयास होगा कि योजनाओं का क्रियान्वयन सही तरिके से हो. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री झारखंडियों का मान-सम्मान बढ़ाने का काम कर रहे हैं. जबकि कुछ लोग समाज को बांटने की नापाक कोशिशों में जुटे, जिन्हें यहां की जनता कभी साकार होने नहीं देगी. विधायक ने दलाल किस्म के लोगों से सावधान रहने की अपील ग्रामीणों से की. मौके पर झामुमो के जिलाध्यक्ष सह जिला 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि जनता को जागरूक रहकर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाना है. उन्होंने विकास कार्यों पर झामुमो कार्यकर्ताओं से विशेष नजर बनाए रखने की अपील की.

92 छात्र-छात्राओं को मिली नि:शुल्क साइकिल
मुख्यमंत्री साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत खूंटी सदर प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत कुल 92 छात्र-छात्राओं के बीच निःशुल्क साइकिल वितरण किया गया. इस अवसर एक कार्यक्रम का आयोजन बीडीओ ज्योति कुमारी की अध्यक्षता में हुई. मौके पर प्रमुख छोटराय मुंडा, उपप्रमुख शांति देवी, जिला परिषद सदस्य गुलशन मुंडा, सुशील संगा, बीईईओ धीरेंद्र कुमार आदि उपस्थित थे.

अफीम के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, वृद्धों को दिए कंबल
अफीम के खिलाफ पुलिस ने पूरे दिन कार्रवाई के साथ विभिन्न गतिविधियां करती रही. सुबह सोयको थाना क्षेत्र अंतर्गत कुड़ापुर्ति पंचायत के आड़ा, मुरहू थाना क्षेत्र के एतरे, उड़ीकेल, तपिंगसरा और बुड़िमा तथा मारंगहादा क्षेत्र के लांदूप गांवों में ग्रामसभाओं की बैठकें हुई, जिसमें ग्रामसभाओं ने स्वंय अपने-अपने गांवों में लगे अवैध अफीम की फसलों को नष्ट करने का निर्णय लेकर फसलों को नष्ट करने का काम शुरू किया. इधर जिला पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर गुरुवार को कुल 93 एकड़ में लगे अफीम की फसलों को नष्ट किया गया. पुलिस द्वारा जानकारी दी गई है कि खूंटी सदर थाना क्षेत्र के मुरही व दबगना में 10 एकड़, अड़की के उलिहातू व सुराकोचा में 18 एकड़, मारंगहादा के पतराटोली और लांदूप में 15-15 एकड़ में लगे अफीम की फसलों को नष्ट किया गया.
इधर मुरहू के थानेदार रामदेव यादव गुरुवार को थाना क्षेत्र के मलियदा, चतराडीह, पंगुरा व सेल्दा गांवों में पहुंचे. जहां उन्होंने जरूरतमंद वृद्ध-वृद्धाओं को चिन्हित कर उनके बीच कम्बल का वितरण किया. उन्होंने ठंड से ठिठुरते वृद्धों को स्वयं कम्बल ओढ़ाया.

डालसा ग्रामीणों को बता रहा अफीम का दुष्प्रभाव
नालसा द्वारा संचालित 90 दिवसीय आउटरीच अभियान के तहत मुरहू के राजकीय कृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, गानालोया, तोरपा के ओकड़ा, तपकरा व कमड़ा, खूंटी सदर प्रखंड के मारंगहादा सहित गुमडू़, पाहन टोली एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कालामाटी में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
इस अभियान के दौरान विद्यार्थियों व ग्रामीणों को अफीम के दुष्प्रभावों की जानकारी विस्तार पूर्वक दी गई. इसके कानूनी पहलुओं पर विशेष फोकस करते हुए लोगों को जागरूक किया गया. इसके साथ ही घरेलू हिंसा, मनरेगा के अंतर्गत जॉब कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड बनवाने संबंधी, महिलाओं से जुड़े अधिकार, अनाथ बच्चों के लिए स्पॉन्सरशिप आदि से संबंधित जानकारियां साझा की गई.




